Delhi Yamuna Cruise: दिल्लीवालों को मिलने वाला है घूमने का नया ठिकाना! यमुना में चलेगा क्रूज, जानें किराया और रूट

दिल्लीवालों के लिए वीकेंड पर घूमने का एक नया ठिकाना तैयार हो रहा है। नवंबर से यमुना नदी में खास क्रूज सफारी शुरू होने की उम्मीद है। इसमें परिवार के साथ नदी की सैर का मजा लिया जा सकेगा। जानिए इसका रूट, टिकट की संभावित कीमत और कब से शुरू होगी बुकिंग।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में नवंबर से नमो यमुना रिवर क्रूज शुरू होने की उम्मीद, सोनिया विहार से जगतपुर तक 6 किलोमीटर का होगा सफर।
  • क्रूज में 30 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी और करीब 40 मिनट में पूरा होगा राउंड ट्रिप।
  • - क्रूज का प्रस्तावित किराया ₹500 और परिसर में एंट्री फीस ₹50, हालांकि अंतिम कीमत और लॉन्च की तारीख की पुष्टि बाकी।

By Gaurav Kumar:

दिल्ली में परिवार और दोस्तों के साथ घूमने वालों के लिए जल्द ही एक नया विकल्प मिलने वाला है। अब राजधानी में लोग यमुना नदी पर क्रूज की सवारी का मजा ले सकेंगे। सरकार इस जगह को एक नए टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर विकसित करने की तैयारी कर रही है। यहां घूमने आने वाले लोगों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी और इसके लिए कितना खर्च करना होगा? आइए जानते हैं।

नवंबर में शुरू हो सकती है यमुना क्रूज की सवारी

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में नमो यमुना रिवर सफारी नवंबर 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और दूसरे अधिकारियों ने क्रूज की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खुद क्रूज की सवारी भी की।

क्रूज का ट्रायल करीब एक हफ्ते तक चलने की उम्मीद है। इसके बाद उद्घाटन की तैयारियां शुरू होंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार की कोशिश छठ महापर्व से पहले इसका उद्घाटन करने की है। यहां यमुना की सफाई और प्राकृतिक सुंदरता का भी खास ध्यान रखा जाएगा।

कहां से कहां तक चलेगा क्रूज?

नमो यमुना क्रूज दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलेगा। यह यमुना नदी के करीब 6 किलोमीटर लंबे हिस्से को कवर करेगा। आने-जाने की पूरी यात्रा में लगभग 40 मिनट लगेंगे।

एक क्रूज में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। रोजाना कम से कम चार ट्रिप चलाने की योजना है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट और अनाउंसमेंट सिस्टम की सुविधा होगी।

क्रूज में बायो-टॉयलेट भी लगाए जाएंगे, ताकि गंदगी सीधे यमुना नदी में न जाए। क्रूज चलाने वाली कंपनी यात्रियों, कर्मचारियों और नदी का इस्तेमाल करने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।

क्रूज की टिकट कितने रुपये में मिलेगी?

नमो यमुना क्रूज के लिए फिलहाल प्रस्तावित टिकट की कीमत 500 रुपये है। वहीं, परिसर में एंट्री के लिए अलग से 50 रुपये देने होंगे।

टिकट की ऑनलाइन बुकिंग दिल्ली टूरिज्म की वेबसाइट से शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, क्रूज शुरू होने की तारीख और टिकट की कीमत पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है।

रेस्टोरेंट से लेकर वाटर स्पोर्ट्स तक मिलेंगी सुविधाएं

सरकार इस पूरे इलाके को फैमिली पिकनिक स्पॉट बनाने की योजना पर काम कर रही है। यहां रेस्टोरेंट, फूड पार्क, बच्चों के खेलने के लिए अलग जोन, म्यूजिकल फाउंटेन और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है।

इस प्रोजेक्ट का मकसद दिल्ली में घूमने की नई जगह तैयार करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

बता दें कि मार्च 2025 में इनलैंड वाटरवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया और दिल्ली सरकार की एजेंसियों के बीच एक समझौता हुआ था। इसके तहत वजीराबाद बैराज के ऊपरी हिस्से में यमुना नदी पर क्रूज टूरिज्म विकसित करने की योजना बनाई गई थी।

Read more!
Advertisement