Delhi Weather: ब्रेक के बाद फिर लौटी बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली में सुबह-सुबह बदले मौसम ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है। कई इलाकों में बारिश शुरू हो चुकी है, जबकि IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में बारिश कितनी तेज होगी, किन इलाकों पर ज्यादा असर पड़ेगा और तापमान कितना गिरेगा, जानिए पूरी खबर में।

In Short
- दिल्ली के साउथ दिल्ली समेत कई इलाकों में सुबह हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई।
- IMD ने ज्यादातर इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया, कुछ जगह 50-60 मिमी बारिश हो सकती है।
- 21-22 जुलाई को बारिश तेज होने के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली में कुछ दिनों के ब्रेक के बाद सोमवार सुबह एक बार फिर बारिश लौट आई। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और साउथ दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली। मूलचंद और आसपास के इलाकों में भी सुबह-सुबह बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
साउथ दिल्ली के कई इलाकों में बारिश
सोमवार, 20 जुलाई की सुबह दिल्ली के साकेत, मालवीय नगर, लाजपत नगर, गौतम नगर, ओखला, वसंत कुंज और द्वारका जैसे इलाकों में बादल छाए रहे। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। बारिश के कारण लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिनभर बादल छाए रहने और अलग-अलग इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 50 से 60 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तापमान में भी थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
21 जुलाई से तेज हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 जुलाई से दिल्ली में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। 21 और 22 जुलाई को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
इन दोनों दिनों के लिए भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को घर से निकलते समय मौसम की जानकारी देखने और बारिश को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की जरूरत पड़ सकती है।
रविवार को सामान्य से ज्यादा रहा तापमान
बारिश से पहले रविवार को दिल्ली में गर्मी और उमस का असर देखने को मिला था। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा था।
वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.8 डिग्री ऊपर रहा। अब सोमवार सुबह हुई बारिश और बादलों के कारण तापमान में कमी आने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।