'करोड़पति नौकरानी'! मौका मिलते ही चोरी करती थी गहने; 18 साल तक पुलिस की आंखों में झोंका धूल - अब गिरफ्तार

दिल्ली में अमीर परिवारों के घरों में मेड बनकर करोड़ों के गहने चोरी करने वाली महिला आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। आरोपी पिछले 18 साल से अलग-अलग नामों से वारदात कर रही थी। जांच में करोड़ों की संपत्ति, कई लॉकर और डॉग ब्रीडिंग कारोबार का भी खुलासा हुआ है।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

दिल्ली में अमीर परिवारों को निशाना बनाकर करोड़ों के गहने चोरी करने वाली 46 वर्षीय महिला को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला अलग-अलग नामों- सोनिया, सोना और अनीता से हाउस हेल्प बनकर घरों में काम करती थी और मौका मिलते ही सोने-हीरे के गहने लेकर फरार हो जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब 18 साल से इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दे रही थी। उसके खिलाफ 2008 से लेकर अप्रैल 2026 तक छह बड़े चोरी के मामले जुड़े हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी के पास रोहिणी में करोड़ों की संपत्तियां हैं और वह डॉग ब्रीडिंग का कारोबार भी करती थी। अधिकारियों ने कहा कि संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

कुछ दिन काम, फिर गहनों पर हाथ साफ

जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अपने पति कार्तिकेय के साथ दो दशक पहले चेन्नई से दिल्ली आई थी और बाद में पश्चिमी दिल्ली में बस गई। उसने 2008 में घरेलू सहायिका के तौर पर काम शुरू किया।

पुलिस का कहना है कि वह पहले कुछ दिन घर में काम करके परिवार की दिनचर्या और गहने रखने की जगह समझती थी। फिर परिवार के व्यस्त होने या सोने के दौरान चोरी कर फरार हो जाती थी।

अधिकारियों के मुताबिक, वह पॉश कॉलोनियों के सिक्योरिटी गार्ड्स से जानकारी जुटाती थी कि किस घर में नई मेड की जरूरत है।

चोरी किए गहनों को बेचती नहीं बल्कि लॉकर में जमा करती थी

जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के गहने बाजार में बेचने के बजाय NBFC कंपनियों के लॉकर में जमा कर गोल्ड लोन लेती थी। पुलिस के अनुसार, उसने 2008 से अब तक 15 लॉकर खोले और उनमें जमा 2 किलो से ज्यादा सोना ट्रेस किया गया है।

पिछले साल शालीमार बाग में करीब 2 करोड़ रुपये और सितंबर 2025 में मौर्य एन्क्लेव में 60 लाख रुपये के गहने चोरी होने के मामलों में भी उसका नाम सामने आया है।

पूजा के दौरान 1.5 करोड़ के गहने लेकर फरार

ताजा मामला कारोबारी विजय पाल गुप्ता के शालीमार बाग स्थित घर का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 16 अप्रैल को मेड बनकर घर में दाखिल हुई थी। उसने आधी सैलरी पर काम करने की पेशकश की और भरोसा जीत लिया।

19 अप्रैल को जब गुप्ता दंपति पूजा कर रहे थे, तभी वह कथित तौर पर बेडरूम से करीब 1.5 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के गहने लेकर फरार हो गई।

जांच के बाद पुलिस आरोपी तक रोहिणी सेक्टर-11 में पहुंची। छापेमारी के दौरान घर में 15 कुत्ते, जिनमें पिटबुल और अमेरिकन बुली नस्ल के डॉग्स शामिल थे, मिले। आरोपी कथित तौर पर रजाइयों के नीचे छिपी मिली।

Read more!
Advertisement