दिल्ली में झमाझम बारिश! मौसम हुआ सुहाना; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई जगहों पर अच्छी बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम सुहाना हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार सुबह से तेज बारिश हुई। बारिश की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई जगहों पर अच्छी बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम सुहाना हो गया।

IMD का ऑरेंज अलर्ट, दिनभर बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे दिन मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

सामान्य से कम रहा न्यूनतम तापमान

IMD के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.3 डिग्री कम है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई।

हवा की गुणवत्ता भी रही संतोषजनक

बारिश के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी बेहतर दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 84 दर्ज किया गया। यह 'संतोषजनक' (Satisfactory) कैटेगरी में आता है।

CPCB के मुताबिक, AQI 0 से 50 के बीच होने पर हवा 'अच्छी' मानी जाती है। 51 से 100 के बीच AQI 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच AQI 'गंभीर' कैटेगरी में माना जाता है। फिलहाल 84 के AQI के साथ दिल्ली की हवा संतोषजनक कैटेगरी में बनी हुई है।

Read more!
Advertisement