Cyber Fraud Alert: दिल्ली की महिला को बनाया Digital Arrest का शिकार, ठगी से बचने के लिए अपनाएं ये तरीका
दिल्ली में डिजिटल अरेस्ट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को मनी लाउंड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाकर 10 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा और 78 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

In Short
- दिल्ली के सरिता विहार में बुजुर्ग महिला को 10 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 78 लाख रुपये की ठगी।
- साइबर ठगों ने मनी लाउंड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाकर महिला से पैसे ट्रांसफर करवाए।
- अनजान नंबर से आने वाली कॉल और डिजिटल जांच के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की जरूरत।
दिल्ली के सरिता विहार से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाली एक बुजुर्ग महिला को साइबर ठगों ने अपनी चाल में फंसाकर 10 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। इस दौरान ठगों ने महिला से 78 लाख रुपये की ठगी कर ली।
साइबर ठगों ने महिला को इस तरह डराया कि वह लगातार उनके निर्देशों का पालन करती रहीं। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और जांच जारी है।
अनजान नंबर से शुरू हुआ ठगी का खेल
इस डिजिटल अरेस्ट की शुरुआत 24 अगस्त को आई एक अनजान कॉल से हुई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने महिला को बताया कि उनका नाम एक मनी लाउंड्रिंग केस में शामिल है।
ठगों ने महिला को यह भी कहा कि इस मामले में कुछ जाने-माने नाम भी जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही महिला को निर्देश दिया गया कि वह इस बारे में किसी को भी जानकारी न दें।
हर घंटे कॉल करने को कहा गया
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साइबर ठगों ने उनकी निगरानी की और उन्हें हर घंटे जांच अधिकारियों को कॉल करके जानकारी देने को कहा।
इसके अलावा महिला को अपना स्मार्टफोन हमेशा ऑन रखने के लिए कहा गया। इस दौरान ठग लगातार महिला को निर्देश देते रहे और उन्हें डिजिटल अरेस्ट में रखा गया।
ठगों ने ऐसे ट्रांसफर कराए लाखों रुपये
साइबर ठगों ने जांच के नाम पर महिला से पैसे की मांग की। उन्होंने महिला को 27 लाख रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। ठगों के निर्देश पर महिला ने रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ठगी का खुलासा तब हुआ जब महिला की बेटी को एक ईमेल नोटिफिकेशन मिला। इसमें 27 लाख रुपये की कटौती की जानकारी दी गई थी।
इसके बाद महिला के दामाद उनके घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। तब जाकर साइबर ठगी का पता चला और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
Digital Arrest Scam से कैसे बचें?
डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी है। किसी भी अनजान नंबर से आने वाली कॉल पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए।
अगर कोई व्यक्ति फोन पर डिजिटल या वर्चुअल जांच का हवाला देता है, तो उसकी जानकारी नजदीकी पुलिस स्टेशन जाकर देनी चाहिए। साथ ही संदिग्ध कॉल और उससे जुड़ी जानकारी पुलिस के साथ साझा करनी चाहिए।