CJP Protest: दिल्ली में आज क्या-क्या बंद रहेगा, मेट्रो ट्रेन और ट्रैफिक पर जानें पूरा अपडेट

दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के गेट बंद हैं और 75 ट्रेनें रद्द की गई हैं। कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू है। वहीं स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं और परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया है।

Advertisement

In Short

  • CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद।
  • सुरक्षा और परिचालन संबंधी दिक्कतों के चलते 75 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द।
  • दिल्ली में 20 जोन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी और 300 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी।

By Sonam:

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी में कई जगह बैरिकेडिंग की गई है और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए हैं। वहीं, रेलवे ने भी सुरक्षा और परिचालन संबंधी दिक्कतों के चलते 75 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का फैसला किया है। ये गेट 10 अक्टूबर शाम 6 बजे तक बंद रहने वाले हैं। प्रभावित स्टेशनों में जनपथ, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, नई दिल्ली, मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, कश्मीरी गेट, विश्वविद्यालय, करोल बाग, लाजपत नगर, हौज खास और जामा मस्जिद समेत कई स्टेशन शामिल हैं।

75 ट्रेनें रद्द, कई राजधानी एक्सप्रेस भी प्रभावित

प्रदर्शन के चलते रेलवे सेवाओं पर भी असर पड़ा है। उत्तर रेलवे के मुताबिक, दिल्ली आने वाली करीब 40 और दिल्ली से रवाना होने वाली लगभग 35 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं। रेलवे ने बताया कि आने वाली ट्रेनों के रैक उपलब्ध नहीं होने के कारण यह फैसला लिया गया।

मुंबई से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस को पांच घंटे के लिए पुनर्निर्धारित किया है। वहीं, कुछ अन्य ट्रेनें रद्द की गई हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे ने भी 13 ट्रेन सेवाएं रद्द करने की जानकारी दी है।

दिल्ली में कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन

राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग और डायवर्जन किया गया है। इनमें मंडी हाउस, झंडेवालान, पंचकुइयां गोल चक्कर, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जंतर-मंतर रोड, संसद मार्ग और लोधी रोड समेत कई इलाके शामिल हैं।

संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने के संबंध में भी घोषणाएं की जा रही हैं।

300 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था के लिए नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है। हर जोन की निगरानी IPS स्तर के अधिकारी करेंगे। संवेदनशील स्थानों पर 300 से अधिक ऑडियो और वीडियो CCTV कैमरे लगाए गए हैं। पुलिसकर्मियों को संयम बरतने और पेशेवर तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूलों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर भी असर

प्रदर्शन को देखते हुए कई स्कूलों ने शनिवार को ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का फैसला किया है। कुछ स्कूलों और कॉलेजों ने परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। वहीं, कुछ संस्थानों ने पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग का समय बदलने और अन्य गतिविधियां रद्द करने का निर्णय लिया है।

Read more!
Advertisement