Delhi Building Collapse: चावड़ी बाजार में इमारत का हिस्सा गिरने से 2 की मौत, CM ने दिए ये सख्त आदेश
दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसे के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

In Short
- दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
- हादसे के बाद एमसीडी ने गंभीर लापरवाही के आरोप में जेई अमन दलाल और एई मोहम्मद नईम को सस्पेंड किया।
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए, राहत-बचाव अभियान जारी।
दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली पुलिस ने दोनों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
मलबे में 6-7 लोगों के फंसे होने की आशंका
यह हादसा चावड़ी बाजार के गली सत्तारा, शीश महल इलाके में हुआ। इमारत का हिस्सा गिरते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में करीब 6 से 7 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई।
दिल्ली फायर विभाग को निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत छह दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। हादसे के बाद प्रभावित जगह को बंद कर दिया गया।
लापरवाही पर एक्शन, JE और AE सस्पेंड
हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए इलाके के जूनियर इंजीनियर अमन दलाल और असिस्टेंट इंजीनियर मोहम्मद नईम को सस्पेंड कर दिया है। एमसीडी ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ इस कार्रवाई की वजह ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बताई है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि एमसीडी, डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के भी आदेश दिए हैं।
सौरभ भारद्वाज ने सरकार और MCD पर उठाए सवाल
इस हादसे के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार और एमसीडी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चावड़ी बाजार और चांदनी चौक में एक और तीन मंजिला इमारत गिर गई है।
भारद्वाज ने सवाल उठाया कि कई बार सेफ्टी ऑडिट कराए जाने के बावजूद इमारतें क्यों गिर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा ऑडिट के आदेश तो दिए जाते हैं, लेकिन कार्रवाई के बजाय कुछ विभाग रिश्वत वसूली में लगे हैं।
उन्होंने दिल्ली पुलिस, एमसीडी, फायर विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों पर भी रिश्वतखोरी के आरोप लगाए। साथ ही ग्रेटर कैलाश-2 में दो जिम सील किए जाने का उदाहरण देते हुए चुनिंदा कार्रवाई का आरोप लगाया और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।