दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में लू का रेड और ऑरेंज अलर्ट, महाराष्ट्र में पारा 47 पार; जानें मौसम का हाल
दिल्ली समेत उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। IMD ने कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी में तापमान और बढ़ सकता है, हालांकि शाम को हल्की बारिश और धूल भरी आंधी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। जानिए किन राज्यों में कितना खतरा है।

Delhi Weather: दिल्लीवासियों को अभी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 25 मई की शाम तक हल्की बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि इससे गर्मी से पूरी राहत नहीं मिलेगी, क्योंकि लू का असर अभी भी जारी रहने वाला है।
दिल्ली में अभी और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। 27 मई तक तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
वहीं न्यूनतम तापमान भी अगले 24 घंटों में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। 29 मई तक रात के तापमान में भी खास राहत नहीं मिलेगी, जिसके बाद 4 से 5 डिग्री की गिरावट संभव है।
27 मई तक येलो अलर्ट
दिल्ली में 27 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 25 से 27 मई के बीच गंभीर लू की स्थिति बनी रह सकती है। हीटवेव का असर 28 मई तक जारी रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र बना सबसे गर्म राज्य
देश में रविवार को सबसे ज्यादा तापमान महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। देशभर के करीब 29 मौसम केंद्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली के अयानगर और रिज इलाके में भी तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
IMD ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां गंभीर लू चलने की आशंका है। इसके अलावा तेलंगाना, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, असम, अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 31 मई तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है, जबकि पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में 27 से 29 मई तक लू का असर जारी रहेगा। हालांकि 29 मई के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
किन राज्यों में कितने दिन तक रहेगा लू का असर?
पश्चिम राजस्थान में 30 मई तक लू का अलर्ट है, जबकि मध्य प्रदेश में 28 मई, विदर्भ में 27 मई, उत्तर प्रदेश में 26 मई और बिहार, झारखंड और तेलंगाना में 26 मई तक लू का अलर्ट है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी 26 मई से गर्म हवाओं का असर बढ़ सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में 25 और 26 मई को गर्म रातें रहने की भी संभावना है, यानी रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
पंजाब में और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में 26 मई तक अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। वहीं देश के बाकी हिस्सों में फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
मानसून ने दक्षिण भारत में दी दस्तक
एक तरफ उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत में मानसून की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। IMD ने कहा है कि अगले 4 से 5 दिनों में केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। यह संकेत है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है।
फिलहाल दिल्ली समेत उत्तर भारत के लोगों को अगले कुछ दिन और तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि महीने के आखिर तक मौसम कुछ राहत दे सकता है।