दिल्ली में बढ़ती ठंड के साथ प्रदूषण का कहर! AQI पहुंचा 224, कई इलाकों में हवा बेहद खराब

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती ठंड के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ने लगी है। राजधानी का औसत AQI 224 दर्ज किया गया है, जबकि कई इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। आखिर क्यों बढ़ रहा है प्रदूषण और नोएडा से गुरुग्राम तक क्या है हवा का हाल?

Advertisement

In Short

  • दिल्ली का औसत AQI 224 दर्ज, कई इलाकों में 300 के पार पहुंचा प्रदूषण का स्तर।
  • नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी हवा खराब श्रेणी में बरकरार।
  • गिरते तापमान और हवाओं की धीमी रफ्तार से बढ़ रही प्रदूषण की समस्या।

By Gungun Mishra:

दिल्ली में बढ़ती ठंड के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ती जा रही है। बुधवार, 25 नवंबर को राजधानी के कई इलाकों में धुंध की चादर देखने को मिली। दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग के मुताबिक, सुबह 9 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 224 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, कई इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच गया है।

हवाओं की धीमी रफ्तार और तापमान में गिरावट के चलते प्रदूषण के कण जमीन के करीब जमा हो रहे हैं। दिल्ली के 56 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 44 पर PM2.5 प्रदूषण का प्रमुख कारण रहा।

दिल्ली के इन इलाकों में हवा बेहद खराब

दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। आनंद विहार में AQI 358 रहा, जबकि दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में 326 और नॉर्थ कैंपस में 308 दर्ज किया गया। वहीं, इग्नू मैदान गढ़ी और बुराड़ी क्रॉसिंग में AQI 304 रहा।

बता दें कि 201 से 300 के बीच AQI को 'खराब' और 301 से 400 के बीच AQI को 'बेहद खराब' श्रेणी में रखा जाता है। ऐसी हवा में लंबे समय तक रहने से सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

नोएडा से गुरुग्राम तक क्या है हाल?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, एनसीआर के कई शहरों में भी हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

बढ़ती ठंड के साथ क्यों बढ़ रहा प्रदूषण?

राजधानी में तापमान गिरने और हवाओं की रफ्तार कम होने से प्रदूषण के कण वातावरण में फैल नहीं पा रहे हैं। इसके चलते हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है।

दिल्ली के एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम AIRWISE-Delhi के मुताबिक, मंगलवार रात 8 बजे भी राजधानी का AQI 222 दर्ज किया गया था। यह GRAP के स्टेज-1 के तहत आने वाली 'खराब' श्रेणी में था।

गाड़ियों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण की बड़ी वजह

AIRWISE-Delhi के अनुमान के मुताबिक, PM2.5 प्रदूषण में गाड़ियों से निकलने वाले धुएं की हिस्सेदारी 20.5 फीसदी रही। वहीं, दिल्ली के आसपास पराली जलाने की हिस्सेदारी 2.3 फीसदी और कचरा जलाने की हिस्सेदारी 1.9 फीसदी रही।

सेहत को लेकर बरतें सावधानी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस या दिल से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, लोगों को खुले में ज्यादा शारीरिक मेहनत करने से बचना चाहिए और अधिक ट्रैफिक वाले इलाकों में मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए।

Read more!
Advertisement