सांस लेना हुआ मुश्किल! दिल्ली के IIT में AQI 487 पहुंचा, 33 इलाकों में हालात गंभीर

Delhi-NCR में जहरीली धुंध ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी का औसत AQI 348 दर्ज हुआ, जबकि IIT दिल्ली में यह 487 तक पहुंच गया। प्रदूषण के चलते GRAP-3 की पाबंदियां लागू हैं। आखिर नवंबर में क्यों बिगड़ती है दिल्ली की हवा और कब मिलेगी राहत? जानिए पूरी खबर।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में AQI 348 दर्ज, 33 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा 'गंभीर' श्रेणी में।
  • IIT दिल्ली में AQI 487 पहुंचा, नॉर्थ कैंपस और ITO में भी प्रदूषण खतरनाक।
  • Delhi-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां लागू, मौसम बदलने से राहत की उम्मीद।

By Sonam:

Delhi-NCR में वायु प्रदूषण लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। राजधानी में जहरीली धुंध की मोटी चादर छाई हुई है। दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 348 दर्ज किया गया है, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। हालांकि, एक दिन पहले यह 373 था। यानी औसत AQI में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन कई इलाकों में हालात अब भी बेहद गंभीर हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली के 58 सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 33 पर AQI 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है।

IIT दिल्ली में AQI 487, कई इलाकों में 450 के पार

दिल्ली में सबसे खराब हवा IIT दिल्ली के आसपास दर्ज की गई, जहां AQI 487 तक पहुंच गया। यह 500 की अधिकतम सीमा के बेहद करीब है। वहीं, नॉर्थ कैंपस में AQI 476 और ITO में 453 दर्ज किया गया। चांदनी चौक जैसे इलाकों में भी AQI 450 के पार पहुंच गया।

इन इलाकों में वाहनों से निकलने वाला धुआं और सड़क की धूल प्रदूषण बढ़ाने की बड़ी वजह हैं। ज्यादा ट्रैफिक और घनी आबादी वाले इलाकों में प्रदूषित हवा जमा होने से स्थिति और खराब हो रही है।

दिल्ली की हवा में क्यों बढ़ रहा जहर?

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की सबसे बड़ी वजहों में PM2.5 और PM10 जैसे बारीक कण शामिल हैं। खासकर PM2.5 के कण इंसान के बाल से करीब 30 गुना छोटे होते हैं। ये सांस के जरिए फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं और खून में भी मिल सकते हैं।

इसके अलावा पंजाब और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने से निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण बढ़ाता है। नवंबर में तापमान कम होने और 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी हवाओं के कारण प्रदूषित हवा जमीन के पास फंसी रहती है। वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों की धूल और स्थानीय स्तर पर जलाए जाने वाले ईंधन से भी हालात बिगड़ रहे हैं।

Image Credit : Business Today

Delhi-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां लागू

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने Delhi-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया है।

इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ के कामों पर रोक लगाई गई है। पुराने और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले BS-IV और उससे नीचे के व्यावसायिक डीजल वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई है। सड़कों की सफाई और पानी के छिड़काव पर जोर दिया जा रहा है।

बच्चों, बुजुर्गों और सांस या दिल की बीमारी वाले लोगों को बाहर कम निकलने और मास्क इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली वालों को कब मिलेगी जहरीली हवा से राहत?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मौसम में बदलाव से दिल्ली को प्रदूषण से कुछ राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से आसमान में आंशिक बादल, धुंध और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

हवा की दिशा बदलने और हल्की बारिश से प्रदूषण के कण कम हो सकते हैं। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लंबे समय तक राहत के लिए लगातार तेज हवाओं का चलना जरूरी है।

Read more!
Advertisement