प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम, दिल्ली में उतरीं 200 नई ई बसें, छात्राओं के लिए भी खास सुविधा
दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए 200 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। इनमें महिलाओं के लिए 56 लेडीज स्पेशल बसें शामिल हैं। नई बसों के साथ डीटीसी बेड़े की संख्या करीब 6800 हो गई है। सरकार ने ईवी चार्जिंग स्टेशन और दिल्ली करनाल इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की।

In Short
- दिल्ली में 200 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू होने के बाद डीटीसी का कुल बस बेड़ा करीब 6800 पहुंच गया है।
- नई बसों में 56 लेडीज स्पेशल बसें हैं जो महिलाओं और छात्राओं के लिए खास रूटों पर चलेंगी।
- दिल्ली सरकार ने राजघाट डिपो में पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन और दिल्ली करनाल इलेक्ट्रिक बस सेवा भी लॉन्च की।
दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने बुधवार को 200 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही दिल्ली परिवहन निगम यानी डीटीसी के बस बेड़े की संख्या करीब 6,800 तक पहुंच गई है। इन नई बसों में महिलाओं की सुविधा के लिए खास लेडीज स्पेशल बसें भी शामिल हैं, जिससे सफर को और आसान बनाने की कोशिश की गई है।
200 बसों में 56 लेडीज स्पेशल बसें शामिल
नई शुरू की गई 200 इलेक्ट्रिक बसों में 56 बसें लेडीज स्पेशल हैं। ये बसें यूनिवर्सिटी क्षेत्रों और महिलाओं की ज्यादा मांग वाले रूटों पर चलाई जाएंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि उनके लिए लेडीज स्पेशल बसों की शुरुआत सबसे अहम पहल है। उन्होंने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि पहले यूनिवर्सिटी स्पेशल बसों से सफर किया जाता था, लेकिन पिछले 28 साल से ये सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या देश में सबसे ज्यादा
इन नई बसों के जुड़ने के बाद दिल्ली के कुल बस बेड़े में 4,938 इलेक्ट्रिक बसें और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली अब देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों वाला शहर बन गया है। सरकार का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण कम करने और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा देने में मदद मिलेगी।
महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए खास योजना
उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि लेडीज स्पेशल बसें सिर्फ परिवहन का साधन नहीं हैं, बल्कि महिलाओं के लिए सुरक्षित सफर का माध्यम भी हैं। योजना के तहत डीटीसी 15 ज्यादा मांग वाले रूटों पर 30 लेडीज स्पेशल ट्रिप और 13 रूटों पर 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल ट्रिप शुरू करेगा। इन सेवाओं से छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
ईवी चार्जिंग नेटवर्क को भी किया जा रहा मजबूत
दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने राजघाट डिपो-1 में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किया। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार नहीं कर रही है, बल्कि ईवी पॉलिसी के तहत सब्सिडी भी दे रही है। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा।
दिल्ली से करनाल के बीच शुरू हुई इलेक्ट्रिक इंटरस्टेट बस सेवा
इसके अलावा दिल्ली-करनाल रूट पर पांच पूरी तरह इलेक्ट्रिक और एयर कंडीशंड इंटरस्टेट बसों की शुरुआत भी की गई। करीब 133 किलोमीटर लंबे इस रूट पर दोनों दिशाओं में रोजाना 10-10 ट्रिप चलेंगी। नई बस सेवाओं से यात्रियों को आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल सफर का विकल्प मिलेगा।