दिल्ली के पार्कों में अब पिकनिक से लेकर प्री-वेडिंग शूट तक की होगी बुकिंग, DDA ने तय किए नए रेट
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के पार्कों की बुकिंग को लेकर नई पॉलिसी जारी की है। इसके तहत पिकनिक, फोटोशूट और कई अन्य गतिविधियों के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए गए हैं। कुछ संस्थाओं को विशेष छूट भी मिलेगी। जानें किन पार्कों में मिलेगी यह सुविधा और क्या होंगे नियम।

In Short
- दिल्ली के 17 पार्कों में ऑनलाइन बुकिंग की मिलेगी सुविधा
- पात्र स्कूल सिर्फ 1 रुपये और जीएसटी में कर सकेंगे पार्क की बुकिंग
- प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए डीडीए ने तय किया नया शुल्क
दिल्ली के पार्क अब सिर्फ सुबह-शाम टहलने की जगह नहीं रहेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण ने पार्कों में अलग-अलग गतिविधियों के आयोजन और बुकिंग को लेकर नई पॉलिसी जारी की है। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूलों की पिकनिक से लेकर प्री-वेडिंग फोटोशूट और कमर्शियल कार्यक्रमों तक के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए गए हैं। इसके लिए सिंगल विंडो ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम की व्यवस्था की गई है।
स्कूलों के लिए सिर्फ 1 रुपये में बुकिंग
नई पॉलिसी के तहत पात्र स्कूल सिर्फ 1 रुपये और जीएसटी का भुगतान करके पार्कों में निर्धारित जगह बुक कर सकेंगे। इसमें पिकनिक, पेंटिंग, फोटोग्राफी, वाद-विवाद और अन्य शैक्षणिक प्रतियोगिताओं जैसी गतिविधियों की अनुमति होगी। हालांकि, ये गतिविधियां गैर-व्यावसायिक होनी चाहिए और इनके लिए टिकट नहीं बेचे जा सकेंगे।
इसके अलावा अन्य मंजूर कार्यक्रमों के लिए पार्क बुक करने पर स्कूलों को 50 फीसदी की छूट मिलेगी। मान्यता प्राप्त कॉलेजों, सरकारी विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को भी इस छूट का फायदा मिलेगा।
प्री-वेडिंग शूट के लिए देने होंगे 5000 रुपये
प्री-वेडिंग और पोस्ट-वेडिंग फोटोशूट के लिए कपल्स को प्रतिदिन 5000 रुपये और जीएसटी का भुगतान करना होगा। हालांकि, डीडीए के पार्कों में शादी, रिसेप्शन और राजनीतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा।
वहीं, कमर्शियल गतिविधियों के लिए प्रतिदिन 5 लाख रुपये का शुल्क तय किया गया है। सेट लगाने और हटाने के लिए प्रतिदिन 5000 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसके अलावा एक लाख रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा करनी होगी।
कार्यक्रम के हिसाब से तय होगा किराया
नई पॉलिसी में कार्यक्रम की कैटेगरी, शामिल होने वाले लोगों की संख्या और बुकिंग वाली जगह के आकार के हिसाब से शुल्क तय किया गया है। 4000 वर्ग मीटर तक की जगह के लिए A1 कैटेगरी में 3000 रुपये, A2 में 5000 रुपये और A3 में 6000 रुपये के अलावा जीएसटी देना होगा।
बिना टिकट वाले कार्यक्रमों के लिए छह घंटे तक की बुकिंग का शुल्क 3000 रुपये और पूरे दिन के लिए 5000 रुपये होगा। हालांकि, अंतिम शुल्क कार्यक्रम की कैटेगरी और जगह पर निर्भर करेगा।
इन पार्कों में मिलेगी बुकिंग की सुविधा
डीडीए की नई पॉलिसी के दायरे में 17 पार्क शामिल हैं। इनमें संजय लेक, हौज खास पार्क, बांसेरा, इंद्रप्रस्थ पार्क, स्वर्ण जयंती पार्क, असिता यमुना रिवर फ्रंट और महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क शामिल हैं।
कैसे होगी ऑनलाइन बुकिंग?
सिंगल विंडो पोर्टल पर पार्कों की उपलब्धता, सुविधाओं, शुल्क और क्षमता की जानकारी मिलेगी। आमतौर पर कार्यक्रम से कम से कम पांच कार्यदिवस पहले आवेदन करना होगा। मंजूरी मिलने के बाद ही बुकिंग कन्फर्म होगी। वहीं, आम लोगों के लिए पार्कों में नियमित आवाजाही पहले की तरह जारी रहने की उम्मीद है।