Cyclone Akvan: 110 kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं! कोलकाता में भारी बारिश का अलर्ट, पुरी बीच बंद

चक्रवाती तूफान अकवान के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने कोलकाता समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। पुरी में समुद्र तटों और कई पर्यटन स्थलों पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। जगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं के लिए सलाह जारी की है। जानिए तूफान का संभावित असर।

Advertisement
ओडिशा-बंगाल में तूफान की आहट, कोलकाता में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, पुरी में पाबंदियां
ओडिशा-बंगाल में तूफान की आहट, कोलकाता में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, पुरी में पाबंदियां

In Short

  • चक्रवाती तूफान अकवान 20 नवंबर को तट से टकरा सकता है।
  • कोलकाता में भारी बारिश, 110 kmph तक तेज हवाओं का अलर्ट।
  • पुरी बीच बंद, जगन्नाथ मंदिर ने जारी की एडवाइजरी।

By Shakshi:

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Cyclone Akvan) का खतरा बढ़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, ओडिशा के पुरी में समुद्र तटों और कई पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही रोक दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान शुक्रवार, 20 नवंबर को दोपहर तक आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

कोलकाता समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

तूफान के असर से गुरुवार सुबह से कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। कोलकाता, उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और पुरुलिया में भारी बारिश का अनुमान है।

वहीं, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में 21 नवंबर की सुबह तक 7 से 20 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है।

कोलकाता समेत कई जिलों में शनिवार तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। बारिश के कारण साल्ट लेक और न्यू टाउन समेत कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ है।

पुरी के समुद्र तट बंद, जगन्नाथ मंदिर ने जारी की सलाह

तूफान को देखते हुए पुरी बीच पर 18 नवंबर से पर्यटकों की एंट्री रोक दी गई है। कोणार्क के चंद्रभागा बीच, चिल्का झील और अस्तरंगा बीच समेत कई पर्यटन स्थलों पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं।

पुरी का जगन्नाथ मंदिर खुला है और नियमित पूजा जारी है। हालांकि, मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की चेतावनी देखकर ही यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। गुंडिचा मंदिर 19 से 21 नवंबर तक बंद रहेगा।

समुद्र में ऊंची लहरों का खतरा, मछुआरों को चेतावनी

तूफान के तट से टकराने के दौरान समुद्र में 0.5 से 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है। मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

भुवनेश्वर का नंदनकानन चिड़ियाघर और बॉटनिकल गार्डन 19 और 20 नवंबर को बंद रहेंगे। वहीं, भितरकनिका नेशनल पार्क 21 नवंबर तक बंद रहेगा।

प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Read more!
Advertisement