परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन में मतभेद! क्या कांग्रेस से अलग राह चुनेंगे शरद पवार?

परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। शरद पवार की पार्टी के संभावित रुख ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। आखिर केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव में ऐसा क्या है और इसका 2029 के लोकसभा चुनाव पर क्या असर पड़ सकता है?

Advertisement

In Short

  • परिसीमन बिल पर NCP-SP का रुख बदलने की कोशिश में जुटी कांग्रेस।
  • लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 तक करने का प्रस्ताव।
  • सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 फीसदी बढ़ोतरी के पक्ष में सुप्रिया सुले।

By Shraddha Shukla:

लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की कोशिशों के बीच देश में परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार की प्रस्तावित योजना को लेकर राजनीतिक दलों के बीच अलग-अलग राय देखने को मिल रही है। इस पूरे मामले में लोकसभा सीटों की संख्या, राज्यों की हिस्सेदारी और विपक्षी दलों की रणनीति अहम बन गई है।

शरद पवार को मनाने में जुटी कांग्रेस

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) को परिसीमन बिल पर अपना रुख बदलने के लिए मनाने में जुटी है। कांग्रेस को चिंता है कि अगर शरद पवार की पार्टी केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करती है तो 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी INDIA गठबंधन की एकजुटता कमजोर हो सकती है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि अगर NCP-SP इस बिल के पक्ष में वोट करती है तो यह INDIA गठबंधन के वैचारिक रुख के साथ विश्वासघात होगा। कांग्रेस के नेता शरद पवार और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।

क्या है परिसीमन बिल पर विवाद?

बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 निर्वाचित सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक की जा सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कांग्रेस को किस बात का डर?

बीजेपी का दावा है कि प्रस्तावित फॉर्मूले से सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। हालांकि, कांग्रेस का मानना है कि परिसीमन से राज्यों के बीच राजनीतिक संतुलन बदल सकता है। कांग्रेस के एक नेता के मुताबिक, इससे हिंदी भाषी राज्यों में मजबूत पकड़ रखने वाली बीजेपी को चुनावी फायदा मिल सकता है। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि वह अलग-अलग राजनीतिक दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।

क्या है सुप्रिया सुले का रुख?

सुप्रिया सुले ने सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 फीसदी बढ़ोतरी होने पर बिल के समर्थन पर विचार करने की बात कही है। उनका मानना है कि इससे आबादी बढ़ने की अलग-अलग दर के कारण किसी राज्य को नुकसान नहीं होगा। हालांकि, पार्टी का अंतिम फैसला अभी स्पष्ट नहीं है। लोकसभा में NCP-SP के आठ सांसद हैं, जिनका समर्थन संविधान संशोधन बिल के लिए अहम हो सकता है।

शरद पवार और बीजेपी के रिश्तों की भी चर्चा

राजनीतिक मतभेदों के बावजूद शरद पवार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। साल 2019 में महाराष्ट्र में कुछ समय के लिए बनी बीजेपी-NCP सरकार और 2023 में NCP के विभाजन जैसी घटनाओं के चलते एक बार फिर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं।

Read more!
Advertisement