परिसीमन बिल पर आमने-सामने कांग्रेस और शरद पवार, क्या INDIA ब्लॉक में पड़ेगी दरार?

परिसीमन बिल को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी गठबंधन में तनाव बढ़ गया है। शरद पवार की पार्टी के संभावित रुख से कांग्रेस नाराज है। राहुल गांधी ने भी बिल के खिलाफ सख्त तेवर दिखाए हैं। जानें आखिर इस विवाद में राज्यसभा चुनाव का जिक्र क्यों आया है।

Advertisement

In Short

  • परिसीमन बिल पर कांग्रेस और शरद पवार की पार्टी के बीच बढ़ी तकरार।
  • महाराष्ट्र कांग्रेस ने शरद पवार को याद दिलाया राज्यसभा चुनाव में दिया गया समर्थन।
  • राहुल गांधी ने परिसीमन बिल के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ने की बात कही।

By Shraddha Shukla:

परिसीमन बिल (Delimitation Bill) को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर अब विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक के अंदर ही मतभेद सामने आने लगे हैं। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के सहयोगी दलों के बीच भी तनाव बढ़ गया है। इस पूरे विवाद में राज्यसभा चुनाव से लेकर विपक्षी दलों के राजनीतिक रिश्तों तक की चर्चा होने लगी है।

कांग्रेस ने शरद पवार को याद दिलाया पुराना समर्थन

शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के परिसीमन बिल को समर्थन देने की खबरों पर महाराष्ट्र कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मार्च 2026 में हुए राज्यसभा चुनाव का जिक्र किया। उस समय NCP (SP) के पास सिर्फ 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16 और शिवसेना (UBT) के पास 20 विधायक थे।

कांग्रेस का दावा है कि सुप्रिया सुले ने अपने पिता शरद पवार के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिना किसी हिचकिचाहट के समर्थन दिया था। कांग्रेस ने सीट पर अपना दावा भी छोड़ दिया था। बाद में शिवसेना (UBT) ने भी पवार का समर्थन किया था।

परिसीमन बिल के खिलाफ राहुल गांधी का सख्त रुख

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया गांधी के आवास पर हुई कांग्रेस की संसदीय रणनीति समूह की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि संख्या बल पक्ष में नहीं होने पर भी पार्टी पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस बिल को हराने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। इसके लिए DMK, समाजवादी पार्टी और NCP (SP) समेत सभी विपक्षी दलों को साथ लाने की कोशिश होगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

INDIA ब्लॉक के रिश्तों पर पड़ सकता है असर

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने संकेत दिया कि अगर शरद पवार की पार्टी परिसीमन बिल के पक्ष में वोट करती है तो कांग्रेस को अपने राजनीतिक रिश्तों पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है।

कांग्रेस ने सरकार के सामने रखीं तीन मांगें

30 नवंबर को लोकसभा में संविधान संशोधन बिल और इससे जुड़े अन्य बिल पेश किए जाने हैं। कांग्रेस ने अब तक सांसदों को बिल का ड्राफ्ट नहीं मिलने पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए, इन्हीं सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू हो और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का बंटवारा न बदले।

चुनाव आयोग की भूमिका पर भी उठाए सवाल

गोगोई ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए सरकार पर चुनाव प्रक्रिया और संविधान में बदलाव की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने 140 से ज्यादा विपक्षी सांसदों के निलंबन का मुद्दा भी उठाया।

वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि महिला आरक्षण कानून सितंबर 2023 में पारित हुआ था, लेकिन इसे 16 अप्रैल 2026 को नोटिफाई किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष सत्र का असली मकसद महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन है। उन्होंने परिसीमन में चुनाव आयोग की प्रस्तावित भूमिका पर भी सवाल उठाए।

Read more!
Advertisement