डिग्री पर ₹20 लाख खर्च, फिर भी नौकरी की गारंटी नहीं! माता-पिता समझें पढ़ाई का पूरा हिसाब

बच्चों की अच्छी पढ़ाई के लिए माता-पिता लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन क्या महंगी डिग्री अच्छी नौकरी की गारंटी है? अगर पढ़ाई के लिए एजुकेशन लोन लिया जाए और नौकरी उम्मीद के मुताबिक न मिले, तो क्या होगा? जानिए पढ़ाई पर खर्च करने से पहले क्या समझना जरूरी है।

Advertisement

In Short

  • भारत में 48.8% युवा पुरुष कॉलेज ग्रेजुएट बेरोजगार थे
  • ₹15 लाख के एजुकेशन लोन पर हर महीने करीब ₹19,000 की EMI
  • ₹30,000 की सैलरी में करीब 63% हिस्सा EMI चुकाने में खर्च होगा

By Gaurav Kumar:

बच्चों को अच्छी पढ़ाई दिलाने के लिए माता-पिता अपनी जिंदगीभर की कमाई लगाने को तैयार रहते हैं। कई परिवार इसके लिए एजुकेशन लोन भी लेते हैं। लेकिन आज के समय में महंगी डिग्री लेने के बाद भी अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी मिलना तय नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि कॉलेज की पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च करना कितना फायदेमंद है? आइए समझते हैं कि नौकरी के आंकड़े, पढ़ाई का खर्च और लोन की EMI परिवार के बजट पर कैसे असर डाल सकते हैं।

भारत में 48.8% युवा ग्रेजुएट बेरोजगार

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट 'Young People Around the World Are Angry About the Economy' में अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की रिसर्च का जिक्र किया गया है। इसके मुताबिक भारत में 48.8% युवा पुरुष कॉलेज ग्रेजुएट बेरोजगार थे। सिर्फ 6.7% के पास परमानेंट सैलरी वाली नौकरी थी, जबकि 3.7% व्हाइट कॉलर जॉब में थे। रिपोर्ट के मुताबिक दुनियाभर में युवा पहले से ज्यादा पढ़े-लिखे हैं, लेकिन नौकरी, घर खरीदने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

₹20 लाख की डिग्री और ₹15 लाख का लोन

मान लीजिए कोई परिवार चार साल के ग्रेजुएशन कोर्स पर ₹20 लाख खर्च करता है। इसमें ₹15 लाख का एजुकेशन लोन 9% सालाना ब्याज पर लिया जाता है। अगर लोन 10 साल में चुकाना हो, तो हर महीने करीब ₹19,000 की EMI बनेगी। इसमें पढ़ाई के दौरान जुड़ने वाला ब्याज शामिल नहीं है। कुल मिलाकर करीब ₹22.8 लाख चुकाने होंगे, जिसमें ₹7.8 लाख ब्याज होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

₹30,000 की सैलरी में कैसे चुकाएंगे EMI?

अगर पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र को ₹30,000 महीने की नौकरी मिलती है, तो करीब 63% सैलरी EMI में चली जाएगी। वहीं ₹50,000 की सैलरी पर भी 38% हिस्सा लोन चुकाने में खर्च होगा। इससे किराया, रोजमर्रा के खर्च और बचत के लिए कम पैसे बचेंगे।

AI से भी बढ़ रही नौकरी की चिंता

रिपोर्ट में फ्रांस के युवा सॉफ्टवेयर डेवलपर्स का उदाहरण दिया गया है। नवंबर 2022 के बाद 20 से 29 साल के डेवलपर्स की हायरिंग 42% घटी है। वहीं फेडरल रिजर्व बैंक ऑफ सैन फ्रांसिस्को की रिसर्च के मुताबिक 2010 के बाद टेक्नोलॉजी में बदलाव से डिग्रीधारकों को मिलने वाला पारंपरिक फायदा भी कम हुआ है। कई विकसित देशों में युवा ग्रेजुएट्स के लिए बेरोजगारी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

माता-पिता को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

फाइनेंशियल प्लानर्स के मुताबिक कॉलेज चुनने से पहले प्लेसमेंट रिकॉर्ड, औसत के बजाय मीडियन शुरुआती सैलरी, स्कॉलरशिप और लोन का कुल खर्च देखना चाहिए। सरकारी कॉलेज, कम फीस वाले प्राइवेट कॉलेज और स्किल आधारित कोर्स की तुलना भी जरूरी है। सबसे अहम बात, बच्चों की पढ़ाई के लिए अपनी रिटायरमेंट सेविंग्स दांव पर नहीं लगानी चाहिए।

Read more!
Advertisement