CJP के Chalo Sansad March के बीच जेपी नड्डा से होगी मुलाकात, अब बातचीत पर टिकी नजरें
संसद मार्च के बीच CJP ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया है। पार्टी के नेता जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। उधर, बैरिकेड पार करने की कोशिश के बाद संसद मार्ग पर तनाव बढ़ा और कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई।

In Short
- केंद्र सरकार ने CJP को बातचीत के लिए बुलाया।
- पार्टी के नेता जेपी नड्डा से करेंगे मुलाकात।
- संसद मार्ग पर तनाव के बाद कुछ लोग हिरासत में।
CJP Protest: कॉकरेच जनता पार्टी यानी CJP ने कहा है कि केंद्र सरकार ने उनसे बात करने के लिए बुलाया है। पार्टी के नेता अब जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं। यह खबर उस समय सामने आई, जब सोमवार को बड़ी संख्या में CJP के समर्थक संसद की ओर मार्च कर रहे थे।
पार्टी का कहना है कि उसकी मांगें साफ हैं और इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए हैं। वहीं, संसद के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और कई जगह पुलिसकर्मी तैनात थे।
जेपी नड्डा से मिलने जा रहे CJP नेता
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि वह पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ बैठक के लिए निकल चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार ने सुबह बात करने के लिए बुलाया था।
सौरव दास ने कहा कि पार्टी की मांगें पहले से साफ हैं और बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शन में पहुंचे हैं। अब पार्टी के नेता सरकार के सामने अपनी बात रखेंगे।
बैरिकेड पार करने की कोशिश के बाद बढ़ा तनाव
सूत्रों के मुताबिक, करीब 11:25 बजे कुछ प्रदर्शनकारियों ने संसद के पास लगाए गए कई बैरिकेड पार करने की कोशिश की। इसके बाद संसद मार्ग के आसपास तनाव बढ़ गया।
बताया गया कि इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनी। इसमें कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं। करीब 10 से 15 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पकड़ लिया।
संसद के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस तैनात
प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर बढ़ने से रोकने और हालात संभालने के लिए पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। वर्दी में पुलिसकर्मियों के साथ कुछ अधिकारी सादे कपड़ों में भी मौजूद थे।
हालांकि, नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि अब तक दिल्ली पुलिस के किसी भी जवान ने प्रदर्शनकारियों पर बल का इस्तेमाल नहीं किया है।