लंदन जाने से रोके गए CJP नेता सौरव दास पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, गुरुवार को होगी सुनवाई
कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास की विदेश यात्रा को लेकर विवाद बढ़ गया है। लंदन जाने से रोके जाने के बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। हालांकि, अदालत ने बुधवार को तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। जानें आखिर उनके पासपोर्ट को लेकर क्या विवाद है।

In Short
- सौरव दास को 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोका गया था।
- पासपोर्ट और पहचान दस्तावेजों में कथित विसंगतियों को लेकर जारी हुआ नोटिस।
- दिल्ली हाईकोर्ट में गुरुवार को होगी सुनवाई, कपिल सिब्बल कर रहे हैं पैरवी।
कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक और प्रवक्ता सौरव दास ने विदेश यात्रा से रोके जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दास को ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड यूनियन के एक कार्यक्रम में शामिल होने जाना था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया था। अब उन्होंने अधिकारियों के इस फैसले को अदालत में चुनौती दी है।
तत्काल सुनवाई की मांग, कोर्ट ने किया इनकार
बुधवार को सौरव दास के वकील ने दिल्ली हाईकोर्ट में मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की। उनके वकील ने अदालत को बताया कि दास की फ्लाइट गुरुवार शाम की है और उन्हें ब्रिटेन में ऑक्सफोर्ड यूनियन के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेना है।
हालांकि, एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच ने बुधवार को मामले की सुनवाई करने से इनकार कर दिया। अदालत ने उनकी याचिका को गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।
एयरपोर्ट पर क्यों रोके गए सौरव दास?
23 नवंबर को सौरव दास दिल्ली एयरपोर्ट से लंदन जाने वाले थे। हालांकि, उन्हें फ्लाइट में सवार होने की अनुमति नहीं दी गई। दास के मुताबिक, अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है। इसके चलते वह विदेश यात्रा नहीं कर सके।
पासपोर्ट कार्यालय ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
रिपोर्टों के मुताबिक, चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनके पासपोर्ट और पहचान से जुड़े दस्तावेजों में जन्मस्थान समेत कुछ अन्य जानकारियों में कथित विसंगतियों को लेकर यह नोटिस जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि इस नोटिस और उससे जुड़े स्पष्टीकरण के लंबित होने के कारण उनके पासपोर्ट को फिलहाल विदेश यात्रा के लिए अमान्य माना गया है।
मद्रास हाईकोर्ट भी जारी कर चुका है नोटिस
इससे पहले 30 अक्टूबर को मद्रास हाईकोर्ट ने भी सौरव दास से जुड़े एक मामले में नोटिस जारी किया था। संबंधित याचिका में उनकी पहचान, राष्ट्रीयता और पृष्ठभूमि की जांच करने के साथ-साथ उनका पासपोर्ट और आधार कार्ड रद्द करने की मांग की गई थी।
कपिल सिब्बल कर रहे हैं पैरवी
दिल्ली हाईकोर्ट में सौरव दास की नई याचिका अधिवक्ता कृष्नेश बापट के जरिए दायर की गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल उनकी ओर से पैरवी कर रहे हैं। अब गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट इस मामले की सुनवाई करेगा। इसी दिन शाम को सौरव दास की ब्रिटेन जाने वाली फ्लाइट भी है।