Pahalgam Attack: हमले से पहले चीन के सैटेलाइट ने बदली चाल! कश्मीर पर बढ़ी निगरानी
पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में चीन के सैटेलाइट की गतिविधियों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. एक नई रिपोर्ट में कश्मीर के ऊपर चीनी सैटेलाइट की असामान्य हलचल का जिक्र किया गया है. आखिर चीन के सैटेलाइट बार-बार अपनी ऑर्बिट क्यों बदल रहे थे और इससे क्या सवाल उठे?

In Short
- पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में चीनी सैटेलाइट के कम से कम 37 असामान्य ऑर्बिटल मैन्यूवर सामने आए.
- हमले से 6 दिन पहले Yaogan-35 01A सैटेलाइट ने अपनी ऑर्बिट बदली, जिससे पहलगाम के ऊपर से गुजरने की संख्या दोगुनी हुई.
- 29 अप्रैल को 37 और 30 अप्रैल को 31 मैन्यूवर दर्ज किए गए, हालांकि हमले से इनका सीधा संबंध साबित नहीं हुआ.
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर एक नई रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. अब चीन के सैटेलाइट की गतिविधियां चर्चा में हैं. आखिर हमले से पहले और बाद में अंतरिक्ष में क्या चल रहा था? आइए पूरी रिपोर्ट समझते हैं.
हमले से पहले चीन के सैटेलाइट ने क्या किया?
द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु की स्पेस सर्विलांस कंपनी दिगंतारा ने 15 से 30 अप्रैल 2025 के बीच चीन के सैटेलाइट की गतिविधियों का एनालिसिस किया. इस दौरान कम से कम 37 असामान्य ऑर्बिटल मैन्यूवर सामने आए. इन बदलावों से पहलगाम और आसपास के इलाकों पर निगरानी के मौके बढ़ गए. हालांकि, इन गतिविधियों का आतंकी हमले से सीधा संबंध साबित नहीं हुआ है.
1,332 स्पेस ऑब्जेक्ट की हुई जांच
दिगंतारा ने चीन के कुल 1,332 स्पेस ऑब्जेक्ट की जांच की. इनमें से 190 ने कम से कम एक बार अपनी ऑर्बिट बदली. हालांकि, 37 मैन्यूवर ऐसे थे, जो सामान्य गतिविधियों से अलग थे और पहलगाम पर नजर रखने के ज्यादा मौके दे रहे थे.
हमले से 6 दिन पहले बदली सैटेलाइट की चाल
16 अप्रैल को चीन के Yaogan-35 01A सैटेलाइट ने अपनी ऑर्बिट बदली. इससे पहलगाम के ऊपर से गुजरने की इसकी संख्या कथित तौर पर दोगुनी हो गई. यह सैटेलाइट अर्थ ऑब्जर्वेशन से जुड़ा है, लेकिन माना जाता है कि इसमें सिग्नल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस की क्षमता भी है.
हमले वाले दिन शाम को क्या हुआ?
22 अप्रैल को हमले के बाद चीन के दो सैटेलाइट Yaogan-39 01B और Yaogan-39 01C ने क्रमशः शाम 5:14 बजे और 5:59 बजे अपनी ऑर्बिट बदली. इससे आगे चलकर पहलगाम के अलावा श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग और जम्मू पर निगरानी के मौके बढ़े.
आखिर ऑर्बिट बदलने का क्या मतलब है?
ऑर्बिटल मैन्यूवर में सैटेलाइट अपनी पोजिशन, दिशा या स्पीड बदलता है. इससे वह अलग-अलग इलाकों की तस्वीरें ले सकता है. वहीं, इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस वाले सैटेलाइट इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिग्नल पकड़कर उनका एनालिसिस कर सकते हैं.
हमले के बाद भी जारी रहीं गतिविधियां
रिपोर्ट के मुताबिक, 29 अप्रैल को चीनी सैटेलाइट ने 37 और 30 अप्रैल को 31 मैन्यूवर किए. इसके अलावा 16 अप्रैल को चीन के Shijian-20 सैटेलाइट ने अपनी ड्रिफ्ट रेट बदली, जिससे दक्षिण भारतीय उपमहाद्वीप और हिंद महासागर के मुकाबले उसकी पोजिशन में बदलाव आया.
दिगंतारा की रिपोर्ट के मुताबिक, ये गतिविधियां इंटेलिजेंस जुटाने या रणनीतिक निगरानी से जुड़ी हो सकती हैं. हालांकि, अभी ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि इनका पहलगाम हमले से संबंध था या किसी दूसरे पक्ष के साथ कोई खुफिया जानकारी साझा की गई थी.