6 महीने की सैलरी, MacBook और भी बहुत कुछ! 1200+ कर्मचारियों की छंटनी के बाद भी क्यों हो रही Canva की तारीफ?
कंपनी ने हाल ही में अपने 1,271 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। हालांकि, नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए कंपनी ने ऐसा पैकेज दिया है, जिसकी चर्चा X, इंस्टाग्राम और लिंक्डइन जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हो रही है।

टेक कंपनियों में छंटनी की खबरें अक्सर कर्मचारियों की नाराजगी और आलोचना की वजह बनती हैं। लेकिन इस बार डिजाइन प्लेटफॉर्म Canva ने कर्मचारियों की छंटनी के बावजूद सोशल मीडिया पर तारीफ बटोरी है। कंपनी ने हाल ही में अपने 1,271 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है। हालांकि, नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए कंपनी ने ऐसा पैकेज दिया है, जिसकी चर्चा X, इंस्टाग्राम और लिंक्डइन जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हो रही है।
कंपनी के इस फैसले के बाद कई कर्मचारियों ने Canva की CEO मेलानी पर्किन्स (Melanie Perkins) के नेतृत्व और प्रभावित कर्मचारियों को दी गई सुविधाओं की सराहना की है।
कंपनी ने 22% कर्मचारियों की छंटनी की
Canva ने हाल ही में अपने कारोबार में बदलाव यानी रिस्ट्रक्चरिंग के तहत 1,271 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया। यह कंपनी के कुल वर्कफोर्स का करीब 22 फीसदी है।
CEO मेलानी पर्किन्स ने इस फैसले को कंपनी के 13 साल के इतिहास का सबसे मुश्किल पल बताया। उन्होंने माना कि इस फैसले का कर्मचारियों और उनके परिवारों पर बड़ा असर पड़ेगा।
लेकिन कंपनी ने छंटनी के साथ प्रभावित कर्मचारियों को आर्थिक मदद और करियर से जुड़ी सुविधाएं देने का भी फैसला किया।
6 महीने की सैलरी और 12 महीने का हेल्थ कवर
Canva ने नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए कई सुविधाओं का ऐलान किया है। कंपनी प्रभावित कर्मचारियों को छह महीने की सैलरी दे रही है। इसके अलावा जिन देशों में यह सुविधा लागू है, वहां कर्मचारियों को 12 महीने का हेल्थकेयर कवरेज भी मिलेगा।
नई नौकरी तलाशने में मदद के लिए कंपनी करियर कोचिंग और इंटरव्यू की तैयारी में सहायता दे रही है। साथ ही कर्मचारियों को एक साल के लिए LinkedIn Premium का सब्सक्रिप्शन भी दिया जा रहा है।
कंपनी ने MacBook भी रखने को कहा
Canva के पैकेज की सबसे ज्यादा चर्चा होने वाली बातों में एक कर्मचारियों के लैपटॉप से जुड़ी है। कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों से कहा है कि वे अपने MacBook भी अपने पास रख सकते हैं। यानी नौकरी जाने के बाद उन्हें कंपनी का दिया हुआ लैपटॉप वापस नहीं करना होगा।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस कदम की तारीफ की है। हालांकि, आर्थिक मदद मिलने के बावजूद नौकरी खोने का तनाव खत्म नहीं होता।
छंटनी को लेकर कर्मचारियों ने क्या कहा?
एक कर्मचारी ने अपने पुराने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाएं कर्मचारियों को काफी मदद देती हैं, लेकिन नौकरी जाना फिर भी डराने वाला अनुभव होता है।
उन्होंने बताया कि जब वह Uber में काम करते थे, तब उनकी टीम के कई लोगों की अचानक नौकरी चली गई थी। हालांकि, उनकी खुद की नौकरी बच गई थी, लेकिन ऑफिस का माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया था कि लंबे समय तक उनके काम पर भी असर पड़ा।
दूसरी टेक कंपनियों में भी छंटनी का दौर
Canva का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब टेक इंडस्ट्री की कई बड़ी कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या और खर्चों में बदलाव कर रही हैं।
Meta, Google और Microsoft जैसी कंपनियों ने भी हाल में कर्मचारियों को स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने के विकल्प दिए हैं। ये कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के विकास में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं।