BRICS Summit 2026: पुतिन दिल्ली पहुंचे, PM Modi के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक पर नजर

BRICS Summit 2026 में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नई दिल्ली पहुंच गए हैं। तीन दिवसीय दौरे के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रणनीतिक सहयोग, वैश्विक हालात और भारत रूस संबंधों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Advertisement
दिल्ली पहुंचे Vladimir Putin, BRICS Summit से पहले PM Modi के साथ करेंगे महत्वपूर्ण बातचीत
दिल्ली पहुंचे Vladimir Putin, BRICS Summit से पहले PM Modi के साथ करेंगे महत्वपूर्ण बातचीत

In Short

  • BRICS Summit 2026 के लिए रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin नई दिल्ली पहुंचे
  • PM Modi और Putin के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक में कई रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होगी
  • Putin BRICS Business Forum को संबोधित करने के साथ Innoprom प्रदर्शनी का भी दौरा करेंगे

By Shakshi:

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे। उनका यह तीन दिवसीय दौरा 18वें BRICS Summit के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पालम एयर फोर्स स्टेशन पर विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने पुतिन का स्वागत किया। इसके बाद रूसी राष्ट्रपति का व्यस्त कूटनीतिक कार्यक्रम शुरू हुआ।

पुतिन के दौरे की शुरुआत BRICS Business Forum के प्लेनरी सेशन में उनके संबोधन से होगी। यह सत्र BRICS देशों के बीच आर्थिक सहयोग और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी।

PM Modi और पुतिन की मुलाकात में भारत-रूस संबंधों को और मजबूत करने, व्यापार, रक्षा सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और बदलती वैश्विक स्थिति पर भी दोनों नेता बातचीत कर सकते हैं।

Innoprom प्रदर्शनी का करेंगे दौरा

द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन भारत और रूस के संयुक्त औद्योगिक कार्यक्रम के तहत आयोजित Innoprom प्रदर्शनी का दौरा करेंगे। यह प्रदर्शनी दोनों देशों के बीच औद्योगिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

BRICS Summit में कई बड़े मुद्दों पर चर्चा

भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS Summit की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में सदस्य देशों के नेता राजनीतिक सुरक्षा, वित्तीय व्यवस्था, आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

BRICS Summit ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया कई भू-राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रही है। पश्चिम एशिया में तनाव, वैश्विक सप्लाई चेन और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे बैठक के एजेंडे में अहम रह सकते हैं।

कई देशों के नेता शामिल होंगे

BRICS Summit में रूस के राष्ट्रपति पुतिन के अलावा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, इंडोनेशिया, मलेशिया और अन्य देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

सम्मेलन के दौरान पुतिन कई देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेंगे। इनमें दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के साथ मुलाकात शामिल है।

इसके अलावा पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच भी BRICS Summit के दौरान अनौपचारिक बातचीत होने की संभावना है।

BRICS Summit 2026 भारत के लिए कूटनीतिक रूप से एक बड़ा अवसर है, जहां नई दिल्ली वैश्विक सहयोग, आर्थिक साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर अपनी भूमिका को मजबूत करने की कोशिश करेगा।

Read more!
Advertisement