BRICS 2026: दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन; जानें मेडिकल इमरजेंसी से लेकर Metro, DTC, Ola-Uber को लेकर क्या हैं नियम
BRICS Summit 2026 के दौरान 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मेडिकल इमरजेंसी, Metro, DTC बस, ऑटो और Ola Uber जैसी सेवाओं को लेकर एडवाइजरी जारी की है। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन कुछ इलाकों में रूट डायवर्जन और अस्थायी पाबंदियां लागू हो सकती हैं।

In Short
- मेडिकल इमरजेंसी में ट्रैफिक पुलिस को सूचना देने पर रास्ता आसान कराया जाएगा
- दिल्ली Metro चलेगी लेकिन कुछ स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट नियंत्रित हो सकते हैं
- DTC बस Ola Uber और ऑटो सेवाएं जारी रहेंगी लेकिन कुछ इलाकों में प्रतिबंध संभव
BRICS Summit 2026 के दौरान 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। राजधानी में विदेशी नेताओं की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। हालांकि, जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन कुछ इलाकों में रूट बदलाव और अस्थायी पाबंदियां लागू हो सकती हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।
मेडिकल इमरजेंसी में क्या करें?
BRICS Summit के दौरान मेडिकल इमरजेंसी को प्राथमिकता दी जाएगी। अगर किसी व्यक्ति को तुरंत चिकित्सा सहायता की जरूरत है तो उसे तुरंत ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को जानकारी देनी चाहिए, ताकि रास्ता साफ कराया जा सके।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इमरजेंसी के लिए 112 और ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1095 जारी किए हैं।
अगर किसी को पहले से तय अस्पताल जाना है तो उसे अपने रूट की जानकारी पहले से रखनी चाहिए और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलना चाहिए। वहीं, किसी वास्तविक आपात स्थिति में नजदीकी ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मदद लेने की सलाह दी गई है।
BRICS Summit के दौरान Metro चलेगी?
दिल्ली मेट्रो सेवाएं 11 से 13 सितंबर के दौरान जारी रहेंगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जहां संभव हो, मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए यात्रियों को सफर शुरू करने से पहले मेट्रो से जुड़ा अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।
DTC बसों का क्या होगा?
BRICS Summit के दौरान DTC और दूसरे शहरों की बस सेवाएं चलती रहेंगी। हालांकि, प्रतिबंधित इलाकों से गुजरने वाले कुछ रूट बदले जा सकते हैं।
कुछ बसों के रूट डायवर्ट, सीमित या नियंत्रित किए जा सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपने बस रूट की जानकारी जरूर लें और सामान्य रूट में बदलाव के लिए तैयार रहें।
Ola, Uber और ऑटो टैक्सी चलेंगे या नहीं?
दिल्ली में ऑटो, टैक्सी और ऐप आधारित कैब सेवाएं जैसे Ola और Uber भी उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ इलाकों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है।
कुछ क्षेत्रों में कैब की एंट्री और एग्जिट पर प्रतिबंध लग सकता है। यात्रियों को पिकअप और ड्रॉप के लिए निर्धारित स्थानों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। ऐसे में कैब से यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।
यात्रियों के लिए क्या सलाह?
BRICS Summit के दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी होने पर ही निजी वाहनों का इस्तेमाल करें और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें।
11 से 13 सितंबर तक VVIP मूवमेंट के दौरान कुछ रास्तों पर अस्थायी रोक और डायवर्जन हो सकते हैं। हालांकि, दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं रहेगी और आम लोगों की आवाजाही सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार जारी रहेगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक स्थिति की जानकारी लें और अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाएं।