इमरान खान को बॉम्बे हाई कोर्ट की कड़ी फटकार, कहा- अमेरिका में ऐसा करते तो अगली फ्लाइट से भेज दिए जाते वापस

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक मामले में कड़ी फटकार लगाई है। सुनवाई के दौरान अदालत ने उनकी अमेरिकी नागरिकता पर सवाल उठाते हुए अमेरिका का उदाहरण दिया। आखिर किस विरोध प्रदर्शन को लेकर अभिनेता मुश्किल में फंसे और कोर्ट ने उनसे क्या लिखित वादा मांगा? जानिए पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • बॉम्बे हाई कोर्ट ने इमरान खान को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर लगाई कड़ी फटकार।
  • अदालत ने अमेरिकी नागरिकता का जिक्र करते हुए पूछा कि अब तक भारतीय नागरिकता क्यों नहीं ली?
  • इमरान खान ने बिना शर्त माफी मांगी, फिलहाल भारत छोड़ने के नोटिस से मिली राहत बरकरार।

By Gungun Mishra:

अभिनेता इमरान खान को बॉम्बे हाई कोर्ट ने एंटी SIR प्रोटेस्ट में शामिल होने को लेकर कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने कहा कि इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया कार्ड है। इसलिए वे भारतीय नागरिक की तरह व्यवहार नहीं कर सकते। कोर्ट में इमरान खान ने बिना शर्त माफी मांगते हुए भरोसा दिया कि वे भविष्य में किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे।

कोर्ट ने कहा- आप भारतीय नागरिक नहीं हैं

सोमवार को सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाई कोर्ट ने इमरान खान से कहा कि OCI कार्ड धारक होने के कारण उन्हें SIR के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का अधिकार नहीं है।

अदालत ने सवाल किया कि अगर कोई भारतीय नागरिक अमेरिका में इसी तरह प्रदर्शन करता तो क्या होता? कोर्ट ने टिप्पणी की कि ऐसे भारतीय नागरिक को अगली ही फ्लाइट से वापस उसके देश भेज दिया जाता।

कोर्ट ने यह भी पूछा कि जब इमरान खान बचपन से भारत में रह रहे हैं और बॉलीवुड स्टार बन चुके हैं तो वे भारतीय नागरिकता क्यों नहीं ले लेते?

इमरान खान ने कोर्ट में मांगी माफी

इमरान खान ने हलफनामा देकर कहा कि वे भविष्य में किसी भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेंगे। साथ ही किसी दूसरे व्यक्ति को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए उकसाएंगे भी नहीं।

उन्होंने कहा कि भारत और उसके संविधान के प्रति उनके मन में गहरा सम्मान है। उनका जीवन, करियर और जुड़ाव भारत से ही है।

उनके वकील वेंकटेश धोंड ने बताया कि इमरान खान का जन्म अमेरिका में हुआ था, जिससे उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिली। हालांकि उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत में बिताया है। साल 2006 में OCI कार्ड मिलने से पहले उनके पास PIO कार्ड था।

FRRO ने जारी किया था देश छोड़ने का नोटिस

यह मामला FRRO की ओर से जारी 'लीव इंडिया नोटिस' से जुड़ा है। इमरान खान ने इस नोटिस को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी।

सरकार की ओर से पेश ASG अनिल सिंह ने दावा किया कि इमरान खान के सोशल मीडिया पोस्ट और इंटरव्यू उनके प्रदर्शन में शामिल होने के सबूत हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अभिनेता पहले भी कई प्रदर्शनों में शामिल हो चुके हैं।

7 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

अदालत ने कहा कि इमरान खान एक सेलिब्रिटी हैं और उनके बयानों का लोगों पर असर पड़ता है। कोर्ट ने उनकी बिना शर्त माफी और लिखित आश्वासन पर भी गौर किया।

फिलहाल इमरान खान को भारत छोड़ने के नोटिस से मिली राहत जारी है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी।

Read more!
Advertisement