मुंबई के Blinkit स्टोर में फलों-सब्जियों पर मिले कॉकरोच! FDA ने लाइसेंस किया सस्पेंड
जांच के दौरान स्टोर में फलों और सब्जियों के स्टॉक पर बड़ी संख्या में कॉकरोच मिले। इसके अलावा साफ-सफाई और खाने-पीने के सामान को रखने के तरीके में भी कई गंभीर कमियां सामने आईं। इसके बाद FDA ने स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है।

मुंबई में Blinkit के एक स्टोर पर महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान स्टोर में फलों और सब्जियों के स्टॉक पर बड़ी संख्या में कॉकरोच मिले। इसके अलावा साफ-सफाई और खाने-पीने के सामान को रखने के तरीके में भी कई गंभीर कमियां सामने आईं। इसके बाद FDA ने स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है।
7 अगस्त को हुई थी Blinkit स्टोर की जांच
FDA की टीम ने 7 अगस्त को मुंबई के मलाड वेस्ट में मौजूद Blinkit की फैसिलिटी की जांच की। इस दौरान अधिकारियों को खाने-पीने का सामान सीधे फर्श पर रखा मिला।
स्टोर के रैक में जंग लगी हुई थी और कोल्ड स्टोरेज एरिया का रखरखाव भी ठीक नहीं था। कीड़े-मकोड़ों और चूहों को रोकने के लिए किए गए इंतजाम भी पर्याप्त नहीं पाए गए। सबसे गंभीर बात यह रही कि फलों और सब्जियों के स्टॉक पर बड़ी संख्या में कॉकरोच मिले।
Expired और खराब Food Products भी मिले
जांच के दौरान FDA अधिकारियों को कुछ ऐसे फूड प्रोडक्ट्स भी मिले, जिनकी Expiry Date निकल चुकी थी। कुछ सामान खराब था, जबकि कुछ प्रोडक्ट्स के साथ छेड़छाड़ होने का भी शक जताया गया।
स्टोर में फूड प्रोडक्ट्स को रखने के नियमों का भी ठीक तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था। Blinkit की यह फैसिलिटी 'First In, First Out' और 'First Expiry, First Out' सिस्टम के मुताबिक सामान को व्यवस्थित करने में नाकाम रही। इन नियमों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि पहले आया या जल्दी Expire होने वाला सामान पहले इस्तेमाल या बेचा जाए।
कर्मचारियों की Hygiene में भी मिली कमी
FDA को सिर्फ फूड स्टोरेज में ही नहीं, बल्कि वेस्ट मैनेजमेंट और कर्मचारियों की पर्सनल हाइजीन में भी कमियां मिलीं। खाना संभालने वाले कर्मचारियों के मेडिकल चेक-अप और हेल्थ रिकॉर्ड भी सही नहीं पाए गए। इसके अलावा जरूरी Personal Protective Equipment यानी PPE की व्यवस्था भी अच्छी नहीं थी।
FDA ने सस्पेंड किया Food License
जांच में सामने आई इन कमियों के बाद FDA ने इस स्टोरी का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा 32(3) के तहत की गई है। आदेश के मुताबिक, अगले निर्देश तक इस जगह से फूड बिजनेस से जुड़ा काम बंद रहेगा।
मुंबई में बड़े स्तर पर चल रही जांच मे Blinkit पर हुई यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA के बड़े फूड सेफ्टी अभियान का हिस्सा है। यह अभियान FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।
25 मई से 31 जुलाई के बीच विभाग ने मुंबई में 3,137 Hotels, Restaurants, Eating Places और दूसरे खाद्य प्रतिष्ठान की जांच की। इस दौरान 764 सुधार नोटिस जारी किए गए और 165 फूड लाइसेंस सस्पेंड किए गए।
₹55.72 करोड़ का फूड प्रोडक्ट जब्त या नष्ट
तुकाराम मुंढे के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान 28.66 लाख किलोग्राम फूड प्रोडक्ट जब्त या नष्ट किए गए। इनकी कुल कीमत करीब ₹55.72 करोड़ थी। फूड लाइसेंस सस्पेंड होने के 165 मामलों में से 103 दुकानों ने अपील की है। जिन मामलों में नियमों का पालन करने की पुष्टि हुई है, वहां अस्थायी राहत भी दी गई है।
FDA ने साफ किया है कि लाइसेंस सस्पेंड होने का मतलब हमेशा किसी प्रतिष्ठान का स्थायी रूप से बंद होना नहीं है। पहले उसे कमियां दूर करने का मौका दिया जाता है। इसके बाद सुनवाई होती है और FDA तय करता है कि लाइसेंस पर लगा सस्पेंशन हटाया जाए या नहीं।