दिल्ली की यमुना सफाई में Bittu Tabahi का अभियान शुरू, प्लास्टिक और पूजा सामग्री समेत हटाया 585 किलो कचरा
मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई से पहचान बनाने वाले सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ Bittu Tabahi अब दिल्ली की यमुना नदी की सफाई में जुट गए हैं। तीन दिन के अभियान के पहले दिन उन्होंने और उनकी टीम ने करीब 585 किलो कचरा हटाया। सोशल मीडिया पर उनके इस प्रयास की जमकर तारीफ हो रही है।

In Short
- Bittu Tabahi ने यमुना किनारे से 585 किलो कचरा हटाया।
- सफाई अभियान में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
- अजनार नदी की सफाई के बाद Bittu को मिली थी पहचान।
मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई से चर्चा में आए सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ Bittu Tabahi अब दिल्ली की यमुना नदी की सफाई में जुट गए हैं। उन्होंने तीन दिनों का यमुना क्लीनअप अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन उन्होंने और उनकी टीम ने करीब 585 किलो कचरा नदी के किनारे से हटाया।
वर्ल्ड क्लीनअप डे पर शुरू किया अभियान
Bittu Tabahi ने 20 सितंबर को वर्ल्ड क्लीनअप डे के मौके पर यमुना सफाई अभियान की शुरुआत की। इस दौरान वह अपने साथियों और स्थानीय लोगों के साथ नदी के किनारे सफाई करते नजर आए।
करीब साढ़े चार घंटे चले इस अभियान में प्लास्टिक, फूल, माला, पूजा सामग्री और दूसरे तरह का कचरा हटाया गया।
उन्होंने Instagram पर सफाई के बाद लिखा कि साढ़े चार घंटे की मेहनत में यमुना किनारे से मिलकर 585 किलो कचरा हटाया गया।
स्थानीय लोगों ने भी बढ़ाया हाथ
Bittu ने बताया कि सफाई अभियान के दौरान आसपास रहने वाले लोग भी उनके साथ जुड़ गए और कचरा हटाने में मदद की। उन्होंने कहा कि घाट पर फूल, मालाएं, पूजा सामग्री और प्लास्टिक फैला हुआ था। लोगों के सहयोग से पूरे हिस्से की सफाई की गई।
उन्होंने अपने काम में सहयोग के लिए Philip Morris को भी धन्यवाद दिया और बताया कि उनका अगला पड़ाव गुरुग्राम का खेड़की दौला होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
Bittu Tabahi के सफाई अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हजारों लोगों ने उनकी पोस्ट को पसंद किया और उनके प्रयास की तारीफ की।
इससे पहले उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी उनके नदी सफाई अभियान को X पर शेयर किया था, जिसके बाद उनके काम को और पहचान मिली।
अजनार नदी की सफाई से मिली पहचान
यमुना अभियान से पहले Bittu Tabahi ने मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई कर लोगों का ध्यान खींचा था। उनके इस काम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली।
उनके प्रयासों से प्रभावित होकर The Ocean Cleanup के संस्थापक और CEO Boyan Slat ने उन्हें नौकरी का ऑफर भी दिया था।
Bittu Tabahi पहले भी कह चुके हैं कि वह देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर सफाई अभियान चलाना चाहते हैं और लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। यमुना सफाई अभियान इसी मुहिम का अगला कदम है।