Bittu Tabahi का सफाई अभियान जारी, बेंगलुरु के Turahalli Forest में 100 लोगों संग हटाया कचरा

मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई से चर्चा में आए Bittu Tabahi अब बेंगलुरु पहुंच गए हैं। उन्होंने 100 लोगों की टीम के साथ Turahalli Forest में सफाई अभियान चलाया और जमीन में दबे कचरे समेत बड़ी मात्रा में वेस्ट हटाया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों को सफाई के लिए जागरूक करना उनका मिशन है।

Advertisement
Bittu Tabahi ने 100 लोगों के साथ बेंगलुरु के Turahalli Forest में चलाया बड़ा सफाई अभियान (फोटो: Surendra Singh Choudhry/Instagram)
Bittu Tabahi ने 100 लोगों के साथ बेंगलुरु के Turahalli Forest में चलाया बड़ा सफाई अभियान (फोटो: Surendra Singh Choudhry/Instagram)

In Short

  • Bittu Tabahi ने 100 लोगों की टीम के साथ बेंगलुरु के Turahalli Forest में सफाई अभियान चलाया।
  • टीम ने जंगल से प्लास्टिक, कचरा और जमीन में दबे वेस्ट को हटाया, JCB की भी मदद ली गई।
  • अजनार नदी की सफाई से चर्चा में आए Bittu अब अलग-अलग राज्यों में जागरूकता अभियान चला रहे हैं।

By Shakshi:

मध्य प्रदेश की प्रदूषित अजनार नदी की सफाई से चर्चा में आए Bittu Tabahi अब अपना सफाई अभियान दूसरे राज्यों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने बेंगलुरु के Turahalli Forest में 100 लोगों की टीम के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया और जंगल से बड़ी मात्रा में कचरा हटाया।

Turahalli Forest बेंगलुरु में कनकपुरा रोड के पास स्थित है और शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर है। Bittu Tabahi ने अपने अभियान के तहत यहां फैले प्लास्टिक, कचरे और जमीन में दबे हुए वेस्ट को हटाने का काम किया।

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में Bittu Tabahi ने बताया कि वह अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों को सफाई के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं अपनी सफाई मुहिम को लेकर अलग-अलग राज्यों की यात्रा कर रहा हूं, ताकि लोगों में जागरूकता फैलाई जा सके।"

100 लोगों की टीम ने संभाला मोर्चा

सफाई अभियान के दौरान Bittu Tabahi और उनकी टीम ने ग्लव्स और मास्क पहनकर जंगल में जमा कचरे को हटाया। टीम के कुछ सदस्य फावड़े की मदद से जमीन के अंदर दबे कचरे को बाहर निकाल रहे थे।

कई जगहों पर कचरा जमीन में काफी गहराई तक पहुंच चुका था, जिसे हटाने के लिए JCB की भी मदद ली गई। इसके बाद जमा किए गए कचरे को रीसाइक्लिंग ट्रक में भेजा गया।

इस अभियान में स्थानीय लोगों और वॉलंटियर्स ने भी हिस्सा लिया। Bittu Tabahi ने बताया कि बेंगलुरु के लोगों ने उनके सफाई अभियान में सहयोग किया और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़े।

अजनार नदी की सफाई से मिली पहचान

20 वर्षीय Bittu Tabahi, जिनका असली नाम Surendra Singh Choudhry है, इससे पहले मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आए थे।

उन्होंने कई महीनों तक नदी से प्लास्टिक, कचरा और अन्य गंदगी हटाने का काम किया। इस दौरान उन्होंने सफाई अभियान के वीडियो और पहले-बाद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया।

उनका यह काम किसी बड़े सरकारी अभियान का हिस्सा नहीं था। उन्होंने खुद जरूरी सामान जुटाकर और लगातार मेहनत करके नदी की सफाई का काम आगे बढ़ाया।

The Ocean Cleanup से मिला जॉब ऑफर

अजनार नदी की सफाई के प्रयासों को देखते हुए पर्यावरण संगठन The Ocean Cleanup की ओर से भी उन्हें नौकरी का ऑफर मिला था। यह संगठन डच पर्यावरणविद् Boyan Slat ने शुरू किया है।

ऑफर मिलने के बाद Bittu Tabahi ने एक वीडियो शेयर कर लोगों का धन्यवाद किया था और उनसे पूछा था कि वह अगली सफाई मुहिम के लिए किस राज्य में जाएं।

अब बेंगलुरु के Turahalli Forest की सफाई के बाद उनका अभियान एक बार फिर चर्चा में है। उनका कहना है कि वह अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों को पर्यावरण और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

Read more!
Advertisement