Bisleri की फिर बढ़ीं मुश्किलें! गोवा के बाद बंगाल में भी पानी का सैंपल फेल, FSSAI का एक्शन
Bisleri के पैकेज्ड पानी की क्वालिटी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई है। खास बात यह है कि दो अलग-अलग लैब की जांच में एक जैसे नतीजे सामने आए हैं। गोवा के बाद अब बंगाल में भी कंपनी पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। जानिए पूरा मामला।

In Short
- पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित Bisleri प्लांट के पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला।
- दो अलग-अलग लैब में बैक्टीरिया की पुष्टि, PB 201 बैच की बिक्री पर पहले ही लग चुकी है रोक।
- गोवा के बाद बंगाल मामले में भी FSSAI ने Bisleri के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी।
पैकेज्ड पानी बेचने वाली कंपनी Bisleri की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल में कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में बैक्टीरिया मिलने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि पानी के सैंपल की जांच दो अलग-अलग लैब में की गई और दोनों में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
बंगाल के प्लांट में क्या मिला?
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, पानी का सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव में स्थित Bisleri के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से लिया गया था। जांच के दौरान इसमें कोलीफॉर्म (Coliform) बैक्टीरिया पाया गया।
यह बैक्टीरिया सीवेज लीकेज या खराब पाइपलाइन जैसी वजहों से पानी में पहुंच सकता है। इसकी मौजूदगी पानी के दूषित होने का संकेत हो सकती है।
जिस सैंपल में बैक्टीरिया मिला, वह PB 201 बैच का था। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी गई थी।
अब FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत Bisleri International के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।
गोवा प्लांट को लेकर भी हो चुकी है कार्रवाई
यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले FSSAI ने गोवा स्थित Bisleri प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल को लेकर भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी।
उस मामले में पानी के सैंपल में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई थी। बाद में कंपनी की अपील पर दूसरी लैब में जांच कराई गई, जिसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई और सैंपल को असुरक्षित बताया गया।
हालांकि, Bisleri ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताया था। कंपनी के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में तैयार एक बैच से जुड़ा था।
कंपनी ने बताया था कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से छह सैंपल लिए थे। इनमें पांच तय मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर थी। इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
Bisleri के अनुसार, दोबारा जांच में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर मिला, लेकिन PAHs की मौजूदगी बताई गई। कंपनी ने दावा किया कि उसे FSSAI से कोई नोटिस नहीं मिला था। उसने 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र जांच के नतीजे भी नियामक को सौंपे थे।
कंपनी का कहना है कि उसके 10 चरणों वाले मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस में 90 से ज्यादा क्वालिटी टेस्ट किए जाते हैं।
दूसरी पानी की कंपनियों पर भी FSSAI की नजर
Bisleri से जुड़े मामलों के बीच FSSAI ने पैकेज्ड पानी बेचने वाली दूसरी कंपनियों की जांच भी तेज कर दी है।
नियामक अलग-अलग ब्रांडों के पानी के रैंडम सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कर रहा है। इनकी रिपोर्ट जल्द आने की उम्मीद है।
इसके अलावा FSSAI उन कंपनियों पर भी नजर रख रहा है, जो बड़े ब्रांड से मिलते-जुलते नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल करती हैं। भ्रामक नाम या लेबल इस्तेमाल करने वाली कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।