FSSAI के आरोपों पर Bisleri ने तोड़ी चुप्पी! पानी की क्वालिटी पर उठे सवाल तो कंपनी ने दिया ये जवाब

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बीच Bisleri International ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। FSSAI ने कंपनी के पानी के सैंपल को असुरक्षित पाए जाने के बाद मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी का कहना है कि पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और वह नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बेचने वाली कंपनी Bisleri International की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल को असुरक्षित पाए जाने के बाद उसके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

इस कार्रवाई के बाद अब Bisleri की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है। कंपनी ने कहा है कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और वह इस मामले में FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी।

FSSAI की कार्रवाई पर Bisleri ने क्या कहा?

FSSAI की ओर से मुकदमा चलाने की मंजूरी दिए जाने के बाद Bisleri ने पानी की क्वालिटी और सुरक्षा को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

कंपनी ने अपने बयान में कहा, "पीने के पानी की सुरक्षा Bisleri की प्राथमिकता है। हम क्वालिटी को लेकर सख्त कंट्रोल बनाए रखते हैं और इस मामले को उचित रेगुलेटरी प्रक्रिया के जरिए सुलझाने के लिए FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेंगे।"

आखिर Bisleri के पानी में क्या मिला?

FSSAI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, Bisleri International Pvt. Ltd. के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का एक सैंपल जांच के लिए लिया गया था। यह सैंपल मिनरल वॉटर से अलग कैटेगरी वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का था।

जांच के दौरान यह सैंपल ब्रोमेट (Bromate) की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित कर दिया गया।

दोबारा जांच में भी सैंपल असुरक्षित

FSSAI के मुताबिक, शुरुआती जांच के नतीजों के बाद कंपनी ने अपील की थी। इसके बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया।

इस लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित पाया। हालांकि, इस बार जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। इसी आधार पर रेफरल लैब ने भी पानी के सैंपल को असुरक्षित घोषित किया।

इस तरह शुरुआती जांच और अपील के बाद हुई जांच, दोनों में पानी का सैंपल खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा।

FSSAI ने बताया कि लैब की जांच के नतीजों के आधार पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। इसके बाद Bisleri International Pvt. Ltd. के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। 

Read more!
Advertisement