मुंबई-बेंगलुरु से आगे निकले बिहार, यूपी और हरियाणा...देश में तेजी से बढ़ रहा कारोबार का नया ट्रेंड

देश में कारोबार की तस्वीर बदल रही है। मुंबई और बेंगलुरु जैसे पारंपरिक बिजनेस हब के मुकाबले बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में कंपनियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। एक्सिस कैपिटल की रिपोर्ट में इस बदलाव को लेकर कई दिलचस्प आंकड़े और इसके पीछे की बड़ी वजहें सामने आई हैं।

Advertisement

In Short

  • सक्रिय कंपनियों की ग्रोथ में बिहार, यूपी और हरियाणा ने महाराष्ट्र और कर्नाटक को पछाड़ा
  • वित्त वर्ष 2026 में नई कंपनियों का रजिस्ट्रेशन 37 फीसदी बढ़कर 2.48 लाख पहुंचा
  • सस्ता कर्ज और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहे कारोबार के विस्तार की बड़ी वजह

By Gungun Mishra:

देश में कारोबार की तस्वीर तेजी से बदल रही है। अब नई कंपनियां खोलने के मामले में बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, आसानी से मिलने वाला कर्ज और सरकार की मददगार नीतियों के चलते पारंपरिक कारोबारी केंद्रों से बाहर भी नए बिजनेस हब तैयार हो रहे हैं।

एक्सिस कैपिटल की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में नई कंपनियों का रजिस्ट्रेशन सालाना आधार पर 37 फीसदी बढ़कर 2.48 लाख हो गया। यह पिछले दो दशकों की सबसे तेज ग्रोथ है। वहीं, जून 2026 में देश में सक्रिय कंपनियों की संख्या 21 लाख तक पहुंच गई, जिनकी सालाना ग्रोथ 12 फीसदी रही।

बिहार, यूपी और हरियाणा की तेज रफ्तार

साल 2015 से 2026 के बीच बिहार में सक्रिय कंपनियों की संख्या 15 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ी। उत्तर प्रदेश और हरियाणा में यह दर 13 फीसदी रही। इसके मुकाबले कर्नाटक में 9 फीसदी, गुजरात में 8 फीसदी, महाराष्ट्र में 6 फीसदी और दिल्ली में 3 फीसदी ग्रोथ दर्ज की गई।

जून 2026 तक उत्तर प्रदेश में 1.87 लाख, हरियाणा में 87,221 और बिहार में 58,117 सक्रिय कंपनियां थीं। अकेले उत्तर प्रदेश में पिछले 12 महीनों के दौरान करीब 28,000 नई कंपनियों का रजिस्ट्रेशन हुआ। हालांकि, महाराष्ट्र अभी भी देश का सबसे बड़ा कॉरपोरेट हब बना हुआ है।

सस्ता कर्ज और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बने ताकत

बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, बिजली की उपलब्धता, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्मचारियों की ट्रेनिंग से कारोबार का विस्तार आसान हुआ है। पिछले एक दशक में कॉरपोरेट लोन की औसत ब्याज दरों में करीब 2 फीसदी की गिरावट आई है।

वित्त वर्ष 2021 से 2026 के बीच हरियाणा में बकाया बैंक कर्ज 20 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 16 फीसदी और बिहार में 15 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ा। यूपी सरकार की औद्योगिक नीतियों में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग और टेक्सटाइल सेक्टर पर जोर दिया जा रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

सैटेलाइट तस्वीरों में भी दिखा बदलाव

एक्सिस कैपिटल ने 2012 से 2024 के बीच रात के समय की सैटेलाइट तस्वीरों का भी अध्ययन किया। बिहार में रात के समय रोशनी की चमक में सालाना 20.7 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि राष्ट्रीय औसत 8.6 फीसदी रहा। उत्तर प्रदेश में यह ग्रोथ 10.4 फीसदी रही। बिजली की बढ़ती मांग, बैंक कर्ज और ई-वे बिल की संख्या भी बढ़ती आर्थिक गतिविधियों का संकेत दे रही है।

रोजगार के नए मौके, लेकिन चुनौतियां भी

नए औद्योगिक केंद्रों के विकसित होने से रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ सकते हैं। हालांकि, एक्सिस कैपिटल के कानपुर और लखनऊ के दौरे में सरकारी कामकाज की अड़चनें, कुशल कर्मचारियों की कमी और सरकारी प्रोत्साहन मिलने में देरी जैसी समस्याएं भी सामने आईं। लखनऊ को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ते उपभोक्ता खर्च का फायदा मिल रहा है, जबकि कानपुर में बुनियादी चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं।

Read more!
Advertisement