विदेशी फूड प्रोडक्ट्स खरीदने से पहले हो जाएं सावधान! एक्सपायरी डेट बदलकर बिक रहे हैं फूड प्रोडक्ट्स

विदेशी फूड प्रोडक्ट्स खरीदने से पहले सावधान हो जाइए। दिल्ली पुलिस ने एक्सपायरी डेट बदलकर सामान बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 20 लाख रुपये से ज्यादा का माल बरामद हुआ और 7 आरोपी गिरफ्तार किए गए।

Advertisement
expired foreign food products
AI Image: Expired Foreign Food Products

In Short

  • आपके विदेशी फूड प्रोडक्ट्स नकली हो सकते हैं, दिल्ली में बड़ा खुलासा
  • एक्सपायरी डेट बदलकर बिक रहे हैं विदेशी फूड प्रोडक्ट्स
  • दिल्ली में विदेशी फूड प्रोडक्ट्स के नाम पर बड़ा धोखा
  • ब्रांडेड फूड प्रोडक्ट्स खरीदने से पहले यह खबर जरूर पढ़ें

By Franklin Nigam:

अगर आप बाजार से विदेशी ब्रांडेड फूड प्रोडक्ट्स खरीदते हैं, तो सावधान हो जाइए। दिल्ली पुलिस ने ऐसे ही एक्सपायर्ड विदेशी फूड प्रोडक्ट्स बेचने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई में 20 लाख रुपये से ज्यादा मूल्य के एक्सपायर्ड और दोबारा पैक किए गए खाद्य उत्पाद बरामद किए हैं। इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

विदेशी फूड प्रोडक्ट्स के नाम पर धोखा

दिल्ली पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय ब्रांडेड खाद्य उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट में हेरफेर कर रहा था। आरोपी एक्सपायर्ड फूड प्रोडक्ट्स को नए पैकेट में पैक करते थे। इसके बाद इन्हें असली और सुरक्षित बताकर बाजार में बेचा जाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी उपभोक्ताओं को धोखा देकर आर्थिक लाभ कमाने के लिए यह अवैध कारोबार चला रहे थे। ऐसे उत्पाद लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकते थे।

एक्सपायरी डेट बदलकर बेचने की तैयारी

जांच के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में ऐसे खाद्य उत्पाद मिले जिनकी एक्सपायरी डेट बदली गई थी या उन्हें दोबारा पैक कर बाजार में उतारने की तैयारी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क बेहद व्यवस्थित तरीके से चल रहा था। गिरोह एक्सपायर्ड सामान को नया दिखाने के लिए खास पैकेजिंग और लेबलिंग का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने इस मामले में दर्शन सिंह सचदेवा, नितेश भारद्वाज, नरेंद्र कुमार, कपिल, लकी ओझा, प्रेम यादव और पवन कुमार यादव को गिरफ्तार किया है।

एक्सपायरी डेट बदलकर बिक रहे हैं फूड प्रोडक्ट्स

दिल्ली से बाहर भी हो सकता है नेटवर्क

दिल्ली पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस रैकेट का नेटवर्क सिर्फ राजधानी तक सीमित था या दूसरे राज्यों तक भी फैला हुआ था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एक्सपायर्ड उत्पाद किन दुकानों, गोदामों और सप्लाई चैनलों के जरिए बाजार में पहुंचाए जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Read more!
Advertisement