मानसून में घूमने का प्लान? भारत के ये खूबसूरत झरने बना सकते हैं आपकी ट्रिप खास
बारिश के मौसम में झरने सबसे ज्यादा खूबसूरत दिखते हैं। दूधसागर से लेकर चित्रकोट और नोहकालिकाई तक, भारत के कई वॉटरफॉल मानसून में बेहद शानदार नजर आते हैं। अगर आप नेचर ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो इन जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें।

In Short
- मानसून में भारत के झरनों की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है।
- दूधसागर, जोग, नोहकालिकाई और चित्रकोट जैसे झरने ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
- बारिश में यात्रा से पहले मौसम अपडेट और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है।
Best waterfalls in India: बारिश का मौसम घूमने-फिरने वालों के लिए बेहद खास होता है। इस दौरान पहाड़ों पर हरियाली छा जाती है, जंगल और नदियां अपनी पूरी खूबसूरती में दिखते हैं और झरनों का नजारा सबसे ज्यादा शानदार हो जाता है।
तेज बारिश के बाद झरनों में पानी का बहाव बढ़ जाता है, जिससे उनकी खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है। अगर आप भी इस मानसून नेचर ट्रिप का प्लान बना रहे हैं, तो भारत के कुछ मशहूर झरनों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
दूधसागर झरना
गोवा-कर्नाटक सीमा पर स्थित दूधसागर जलप्रपात करीब 310 मीटर ऊंचा है। बारिश के मौसम में यह झरना दूध की सफेद धारा जैसा दिखाई देता है। यहां आसपास के मसाला बागानों की सैर की जा सकती है।
साथ ही खूबसूरत रेलवे ट्रैक से झरने का नजारा भी काफी आकर्षक दिखता है।
जोग फॉल्स और अथिराप्पिल्ली फॉल्स
कर्नाटक का जोग फॉल्स भारत के सबसे ऊंचे बिना रुके गिरने वाले झरनों में गिना जाता है। मानसून में इसका तेज बहाव पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। वहीं केरल का अथिराप्पिल्ली फॉल्स भी बारिश में और खूबसूरत हो जाता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: हर नजारा जीत लेगा दिल! मानसून में जन्नत जैसी दिखती हैं भारत की ये 5 खूबसूरत जगहें
चारों ओर हरियाली और चट्टानों से गिरता पानी यहां का नजारा यादगार बना देता है।
मेघालय और कर्नाटक के मशहूर झरने
मेघालय का नोहकालिकाई फॉल्स करीब 1,115 फीट ऊंचा है और इसे भारत का सबसे ऊंचा प्लंज वॉटरफॉल माना जाता है। बारिश के मौसम में बादल, धुंध और हरियाली इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।
वहीं कर्नाटक का शिवनसमुद्र फॉल्स कावेरी नदी से बनता है। यह गगनचुक्की और भराचुक्की दो हिस्सों में बंटा हुआ है। मानसून में दोनों का तेज बहाव देखने लायक होता है।
हिमाचल, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के झरने
हिमाचल प्रदेश में मैक्लोडगंज के पास स्थित भागसू वॉटरफॉल बारिश में बेहद आकर्षक दिखता है। ठंडी हवा और देवदार के जंगल यहां का माहौल सुकूनभरा बना देते हैं। महाराष्ट्र के लोनावला में स्थित कुने फॉल्स तीन मंजिला झरना है, जो मानसून में हरियाली के बीच बेहद खूबसूरत लगता है। वहीं मसूरी के पास स्थित केम्प्टी फॉल्स बारिश के मौसम में पूरे शबाब पर होता है।
चित्रकोट और बरेहीपानी फॉल्स
छत्तीसगढ़ का चित्रकोट फॉल्स भारत का नियाग्रा कहलाता है। मानसून में यह बेहद विशाल और आकर्षक दिखाई देता है। ओडिशा का बरेहीपानी फॉल्स सिमलीपाल नेशनल पार्क के भीतर स्थित है और करीब 1,309 फीट की ऊंचाई से गिरता है। घने जंगलों के बीच बहता यह झरना बारिश में और शानदार दिखता है।
ट्रैवल से पहले सावधानी जरूरी
यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देखें। भारी बारिश में कई जगह सड़कें बंद हो सकती हैं, इसलिए स्थानीय प्रशासन की सलाह मानें। फिसलन वाली जगहों पर सावधानी रखें और सुरक्षा बैरियर पार न करें। बारिश के मौसम में रेनकोट, वाटरप्रूफ जूते और जरूरी दवाइयां साथ रखना बेहतर रहेगा।