चुपचाप UAE पहुंचे नेतन्याहू, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद से मुलाकात; 7 अक्टूबर की चेतावनी पर बढ़ा विवाद

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अबू धाबी में UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से गोपनीय मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले से पहले UAE की ओर से कथित चेतावनी दिए जाने की रिपोर्ट पर इजरायल में विवाद बढ़ा हुआ है।

Advertisement
बैठक को लेकर नेतन्याहू के कार्यालय या UAE के विदेश मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। (फाइल फोटो: Reuters)
बैठक को लेकर नेतन्याहू के कार्यालय या UAE के विदेश मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। (फाइल फोटो: Reuters)

In Short

  • नेतन्याहू ने अबू धाबी में UAE राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात की।
  • 7 अक्टूबर 2023 के हमले से पहले कथित UAE चेतावनी की रिपोर्ट को नेतन्याहू ने खारिज किया है।
  • बैठक ऐसे समय हुई है, जब इजरायल में 27 अक्टूबर को चुनाव होने हैं।

By Shakshi:

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार को संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE की राजधानी अबू धाबी पहुंचे। यहां उन्होंने UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। Reuters के मुताबिक, एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने इस बैठक की जानकारी दी। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय और UAE के विदेश मंत्रालय की ओर से इस मुलाकात पर तुरंत कोई बयान नहीं आया।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए हमास के हमले से पहले कथित चेतावनी को लेकर विवाद चल रहा है। इजरायली अखबार Haaretz की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि हमले से करीब डेढ़ हफ्ते पहले UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद ने नेतन्याहू को चेतावनी दी थी कि हमास इजरायल के खिलाफ किसी बड़े ऑपरेशन की तैयारी कर रहा है।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि यह कथित चेतावनी इजरायल की खुफिया एजेंसियों या सेना तक नहीं पहुंचाई गई थी। हालांकि, नेतन्याहू ने इस रिपोर्ट को खारिज किया है और Haaretz के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

UAE ने भी Haaretz की इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, UAE का कहना है कि 2020 में Abraham Accords के तहत इजरायल के साथ राजनयिक संबंध बनने के बाद दोनों देशों के बीच सीधे बातचीत के रास्ते खुले हुए हैं।

इससे पहले भी नेतन्याहू और शेख मोहम्मद की निजी मुलाकात को लेकर खबरें सामने आई थीं। मई में नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा था कि इजरायली प्रधानमंत्री ने गुप्त रूप से UAE का दौरा किया और वहां राष्ट्रपति से मुलाकात की। हालांकि, UAE ने उस समय शेख मोहम्मद और नेतन्याहू की मुलाकात से इनकार किया था। बाद में मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने कहा था कि दोनों नेताओं की मुलाकात 26 मार्च को अबू धाबी के अल-ऐन शहर में हुई थी।

UAE और इजरायल के बीच 2020 में Abraham Accords के जरिए राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। इसके बाद से दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय और कूटनीतिक मामलों पर बातचीत जारी है।

Read more!
Advertisement