बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा पर बड़ा एक्शन, Amazon और Instamart से करोड़ों का एक्सपायर्ड सामान जब्त

बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डार्क स्टोर्स और खाद्य भंडारण केंद्रों पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान Amazon और Instamart की कुछ फैसिलिटीज में एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले खाद्य उत्पाद मिले। कुछ जगहों पर बिना लाइसेंस दवाइयां भी बरामद हुईं, जिसके बाद सामान जब्त किया गया।

Advertisement

In Short

  • बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 1.43 करोड़ रुपये का सामान जब्त।
  • Amazon और Instamart स्टोर्स से मिले एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले खाद्य उत्पाद।
  • कुछ जगहों पर बिना लाइसेंस रखी दवाइयां मिलीं, जांच अभी जारी।

By Manita:

बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई हुई है। कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन ने शहर के कई डार्क स्टोर्स और खाद्य भंडारण केंद्रों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले खाद्य उत्पाद मिले।

कुछ जगहों पर बिना लाइसेंस रखी गई दवाइयां भी बरामद हुईं। विभाग के मुताबिक, इस कार्रवाई में करीब 1.38 करोड़ रुपये के खाद्य उत्पाद और 4.02 लाख रुपये की दवाइयां जब्त की गईं। यानी कुल मिलाकर करीब 1.43 करोड़ रुपये का सामान जब्त हुआ है।

यह कार्रवाई फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत की गई।

Amazon के स्टोर्स में भी मिली गड़बड़ी

जांच के दौरान देवनहल्ली स्थित Amazon BLR6 में करीब 14 लाख रुपये के गलत लेबल वाले और 10 लाख रुपये के एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद मिले। यहां 2.45 लाख रुपये की दवाइयां भी बिना लाइसेंस रखी गई थीं।

वहीं, अनेकल स्थित Amazon BLR7 में 19 लाख रुपये के गलत लेबल वाले और 13 लाख रुपये के एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद जब्त किए गए। यहां भी 1.57 लाख रुपये की दवाइयां मिलीं।

Image Credit : Amazon India

इसके अलावा HBR लेआउट के Saptha Bazaar में एक्सपायर्ड बिस्किट, आटा, चिकन पैटी, पनीर, अंडे और अन्य खाद्य उत्पाद पाए गए। इनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।

Instamart फैसिलिटी से मिला 42 लाख रुपये का सामान

लिंगराजपुरम स्थित Leo 7 Enterprises में एक्सपायर्ड और जल्द एक्सपायर होने वाले न्यूट्रिशनल प्रोडक्ट, ड्रिंक्स, चॉकलेट, मिठाइयां, घी और नट्स-सीड्स मिले। विभाग ने इस जगह को सीज कर दिया।

मालिक के मुताबिक, वहां करीब 56 लाख रुपये के खाद्य उत्पाद रखे गए थे।

वहीं, होसकोटे स्थित Instamart की फैसिलिटी में 42 लाख रुपये के एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद मिले। जांच में यहां साफ-सफाई की कमी और फूड सेफ्टी नियमों का उल्लंघन भी पाया गया। इसके बाद इस फैसिलिटी को बंद कर दिया गया।

जांच अभी जारी

विभाग के अनुसार, Instamart की इस फैसिलिटी में करीब 1 करोड़ रुपये के संदिग्ध एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले उत्पाद मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच अभी जारी है।

यह कार्रवाई बेंगलुरु में आयोजित 'पेप्टाइड पार्टी' से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नियमों के उल्लंघन को लेकर यह अभियान चलाया था।

Read more!
Advertisement