Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में शुरू हुआ भव्य दीपोत्सव! 30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी

अयोध्या में भव्य दीपोत्सव शुरू हो गया है। सरयू किनारे 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीयों से रामनगरी जगमगा रही है। राम की पैड़ी से लेकर राम मंदिर तक उत्सव की रौनक है। इस ऐतिहासिक आयोजन में खास मेहमान भी शामिल हो रहे हैं। जानिए दीपोत्सव की खास बातें।

Advertisement

In Short

  • अयोध्या में भव्य दीपोत्सव शुरू, सरयू के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी।
  • फूलों से सजा राम मंदिर, रामलला की आरती का खास आयोजन।
  • दीपोत्सव में सुरक्षा चाक-चौबंद, 6 हजार पुलिसकर्मी तैनात।

By Sonam:

अयोध्या में आज यानी 7 नवंबर को भव्य दीपोत्सव की शुरुआत हो गई है। भगवान राम की नगरी में दीपोत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सरयू नदी के किनारे बने 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये रोशन किए जा रहे हैं। राम की पैड़ी, सरयू घाट और रामकथा घाट समेत पूरी अयोध्या दीयों की रोशनी से जगमगा रही है। भगवान राम की विजय और स्वागत के इस उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है।

56 घाटों पर 30 लाख दीयों से रोशन हुई रामनगरी

अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। राम की पैड़ी समेत सरयू नदी के 56 घाटों पर लाखों दीये सजाए गए थे। इनमें तेल और रुई की बातियां डालने का काम भी पूरा कर लिया गया था।

स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता इस आयोजन की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। शाम करीब 5:30 बजे से दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम शुरू हो चुका है। सरयू के घाटों पर एक साथ लाखों दीयों की रोशनी से भव्य नजारा देखने को मिल रहा है।

फूलों से सजा राम मंदिर, रामलला की आरती का कार्यक्रम

दीपोत्सव के मौके पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को फूलों से सजाया गया है। मंदिर की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इस खास आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम के तहत श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की आरती भी रखी गई है।

(Photo: Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra)

अयोध्या की सड़कों और चौराहों को भी सजाया गया है। जगह-जगह LED स्क्रीन लगाई गई हैं। धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दीपोत्सव को खास बनाया जा रहा है।

सुरक्षा के लिए 6 हजार पुलिसकर्मी तैनात

दीपोत्सव में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन क्षेत्र को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था में करीब 6 हजार पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इनमें 20 एडिशनल एसपी और 45 सीओ शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की 9 कंपनियां, आरएएफ की 3 कंपनियां और यूपी एटीएस की दो कमांडो टीमें भी तैनात हैं।

(Photo: Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra)

सरयू नदी में सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं। नदी के तटबंधों पर पीएसी की फ्लड कंपनी को भी लगाया गया है।

दीपोत्सव देखने ऑस्ट्रेलिया से अयोध्या पहुंचे शेन

अयोध्या का भव्य दीपोत्सव विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया से आए शेन राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का माहौल देखकर काफी उत्साहित नजर आए।

शेन ने मलेशिया में भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखी थीं। इसके बाद उनके मन में अयोध्या का दीपोत्सव करीब से देखने की इच्छा हुई और वह ऑस्ट्रेलिया से यहां पहुंच गए।

अयोध्या की सजी हुई सड़कें, चौराहे, मिट्टी के दीये, LED स्क्रीन और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उन्हें काफी प्रभावित किया है।

Read more!
Advertisement