Avengers Doomsday का भारत में जबरदस्त क्रेज, रिलीज से पहले ही सैकड़ों शोज हुए हाउसफुल

मार्वल की सुपरहीरो फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे ने रिलीज से पहले ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी है। फिल्म की एडवांस बुकिंग 70 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। कई शोज अभी से हाउसफुल हैं। जानिए किस भाषा और किन शहरों में फिल्म की सबसे ज्यादा डिमांड है।

Advertisement

In Short

  • एवेंजर्स डूम्सडे की शुरुआती चार दिनों की एडवांस बुकिंग 73.91 करोड़ रुपये पहुंची।
  • देश के 84 शहरों में 11.49 लाख टिकट बिके, 462 शोज अभी से हाउसफुल हुए।
  • अंग्रेजी वर्जन की सबसे ज्यादा डिमांड, दिल्ली-NCR एडवांस बुकिंग में सबसे आगे।

By Shraddha Shukla:

मार्वल की मच अवेटेड सुपरहीरो फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का इंतजार कर रहे भारतीय फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज होने में अभी करीब तीन हफ्ते बाकी हैं, लेकिन दर्शकों ने अभी से टिकट बुक करने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि फिल्म की एडवांस बुकिंग कहां तक पहुंची है और किन शहरों में इसका सबसे ज्यादा क्रेज देखने को मिल रहा है।

रिलीज से पहले 73 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग

बॉक्स ऑफिस का डेटा रखने वाली वेबसाइट सैकनिल्क (Sacnilk) के मुताबिक, एवेंजर्स: डूम्सडे ने रिलीज के शुरुआती चार दिनों यानी 17 से 20 दिसंबर के लिए 73.91 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग दर्ज की है। ब्लॉक सीटों को हटाकर यह आंकड़ा 65.28 करोड़ रुपये है। देश के 84 शहरों में 307 सिनेमाघरों के 8,684 शोज के लिए 11.49 लाख टिकट बिक चुके हैं। कुल ऑक्यूपेंसी 46 फीसदी है, जबकि 462 शोज अभी से हाउसफुल हो चुके हैं।

पहले दिन के लिए सबसे ज्यादा बिके टिकट

फिल्म के ओपनिंग डे यानी गुरुवार, 17 दिसंबर के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग हुई है। पहले दिन के 2,528 शोज के लिए 4.58 लाख टिकट बिक चुके हैं। इससे 29.39 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग हुई है। ब्लॉक सीटों को हटाकर यह आंकड़ा 26.61 करोड़ रुपये है। शुरुआती चार दिनों की कुल एडवांस बुकिंग में पहले दिन की हिस्सेदारी 41 फीसदी है।

वहीं, शुक्रवार के लिए 15.92 करोड़ रुपये, शनिवार के लिए 15.42 करोड़ रुपये और रविवार के लिए 13.16 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है।

अंग्रेजी वर्जन की सबसे ज्यादा डिमांड

फिल्म के अंग्रेजी वर्जन ने एडवांस बुकिंग में 61.39 करोड़ रुपये जुटाए हैं, जो कुल ग्रॉस बुकिंग का 83 फीसदी है। अंग्रेजी के MS-INFINITY VSN 3D फॉर्मेट की बुकिंग 43.71 करोड़ रुपये रही है। रिपोर्ट में इसकी हिस्सेदारी 62 फीसदी बताई गई है। वहीं, हिंदी वर्जन की 9.45 करोड़ रुपये, तमिल की 2.69 करोड़ रुपये और तेलुगु की 37.12 लाख रुपये की बुकिंग हुई है।

दिल्ली-NCR और मुंबई में जबरदस्त क्रेज

दिल्ली-NCR में 12.2 करोड़ रुपये, मुंबई में 11.87 करोड़ रुपये और बेंगलुरु में 11.11 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है। कुल बुकिंग में टॉप 10 शहरों की हिस्सेदारी 77 फीसदी है।

राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र 16.37 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद दिल्ली में 12.2 करोड़ रुपये, कर्नाटक में 11.76 करोड़ रुपये और तमिलनाडु में 6.19 करोड़ रुपये की बुकिंग हुई है।

विलेन बनकर लौटेंगे रॉबर्ट डाउनी जूनियर

एंथनी और जो रूसो के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 17 दिसंबर को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी। रॉबर्ट डाउनी जूनियर इस बार डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रुड, एंथनी मैकी, फ्लोरेंस प्यू, वैनेसा किर्बी, चैनिंग टैटम, इयान मैकेलेन और पैट्रिक स्टीवर्ट समेत कई स्टार्स नजर आएंगे।

एडवांस बुकिंग की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म भारत में हॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में शामिल हो सकती है।

Read more!
Advertisement