₹83.65 करोड़ में बिकी सूप के डिब्बे की पेंटिंग! आखिर 64 साल पुरानी इस तस्वीर में ऐसा क्या है खास?

न्यूयॉर्क में एक साधारण सूप के डिब्बे की 64 साल पुरानी पेंटिंग ₹83.65 करोड़ में नीलाम हुई है। मशहूर कलाकार Andy Warhol ने इसे 1962 में बनाया था। नीलामी के दौरान इसकी कीमत शुरुआती बोली से दोगुने से भी ज्यादा पहुंच गई। आखिर एक मामूली सूप के डिब्बे की पेंटिंग इतनी महंगी क्यों बिकी और इसके पीछे क्या कहानी है? जानिए।

Advertisement
इस पेंटिंग को पहली बार 1962 में लॉस एंजिलिस की Ferus Gallery में प्रदर्शित किया गया था।
इस पेंटिंग को पहली बार 1962 में लॉस एंजिलिस की Ferus Gallery में प्रदर्शित किया गया था।

In Short

  • Andy Warhol की 1962 की पेंटिंग ₹83.65 करोड़ में नीलाम हुई।
  • शुरुआती बोली करीब ₹37.07 करोड़ थी, कुल कीमत ₹83.65 करोड़ पहुंची।
  • Campbell’s Soup Can पेंटिंग को शुरुआती Pop Art की महत्वपूर्ण कलाकृति माना जाता है।

By Shakshi:

एक साधारण सूप का डिब्बा, जिसकी कीमत बाजार में कुछ डॉलर होती है, उसकी पेंटिंग करोड़ों रुपये में बिक सकती है। सुनने में अजीब लगता है, लेकिन अमेरिका के न्यूयॉर्क में ऐसा ही हुआ है। मशहूर अमेरिकी कलाकार Andy Warhol की 64 साल पुरानी पेंटिंग Campbell’s Soup Can (Turkey Noodle) की नीलामी ₹83.65 करोड़ में हुई है।

19 नवंबर को न्यूयॉर्क में Christie’s की नीलामी के दौरान इस पेंटिंग को खरीदने के लिए जबरदस्त बोली लगी। आखिरकार यह 90.26 लाख डॉलर यानी करीब ₹83.65 करोड़ में बिकी। इस कीमत में खरीदार से लिया जाने वाला प्रीमियम भी शामिल है।

₹37 करोड़ से शुरू हुई बोली, ₹83 करोड़ तक पहुंची

इस पेंटिंग की शुरुआती बोली 40 लाख डॉलर यानी करीब ₹37.07 करोड़ रखी गई थी।

लेकिन जैसे-जैसे खरीदारों के बीच मुकाबला बढ़ा, कीमत तेजी से ऊपर चली गई। आखिरकार 70 लाख डॉलर से कुछ ज्यादा पर अंतिम बोली लगी। खरीदार का प्रीमियम जोड़ने के बाद कुल कीमत 90.26 लाख डॉलर पहुंच गई।

यह पेंटिंग प्रतिष्ठित Sonnabend Collection Foundation के संग्रह का हिस्सा थी।

आखिर इस पेंटिंग में ऐसा क्या खास है?

Andy Warhol ने यह पेंटिंग 1962 में बनाई थी। इसमें Campbell’s कंपनी के Turkey Noodle Soup के डिब्बे को दिखाया गया है।

इसकी सबसे खास बात यह है कि इसे हाथ से पेंट किया गया था।

Warhol ने बाद के वर्षों में सिल्कस्क्रीन तकनीक से कई कलाकृतियां बनाईं, लेकिन यह पेंटिंग उनके शुरुआती दौर की है।

इसे लिनेन के कपड़े पर केसिन पेंट और ग्रेफाइट की मदद से तैयार किया गया था। Christie’s ने इसे शुरुआती Pop Art की महत्वपूर्ण कलाकृतियों में से एक बताया है।

सूप के डिब्बे को ही क्यों चुना?

Andy Warhol ने अपनी किताब I'll Be Your Mirror: The Selected Andy Warhol Interviews में इस सवाल का जवाब दिया था।

उन्होंने बताया था कि वह खुद Campbell’s का सूप पिया करते थे। करीब 20 साल तक उनका दोपहर का खाना लगभग एक जैसा रहा। Warhol को रोजमर्रा की चीजों और बार-बार दोहराई जाने वाली आदतों में दिलचस्पी थी।

यही वजह थी कि उन्होंने एक साधारण सूप के डिब्बे को अपनी कला का विषय बनाया।

कैसे तैयार हुई थी पेंटिंग?

Christie’s के मुताबिक, Warhol ने Campbell’s कंपनी की स्टेशनरी से सूप के डिब्बे की तस्वीर के कुछ हिस्से काटे।

इसके बाद उन्हें ट्रेसिंग पेपर पर लगाया और प्रोजेक्टर की मदद से कैनवास पर चित्र उतारा।

इस प्रक्रिया के बाद उन्होंने पेंटिंग को हाथ से तैयार किया।

पहली बार कहां दिखाई गई थी?

इस कलाकृति को पहली बार 1962 में लॉस एंजिलिस की Ferus Gallery में प्रदर्शित किया गया था। बाद में Warhol ने इसे अपने दोस्त और फोटोग्राफर Edward Wallowitch को उपहार में दे दिया।

इसके बाद यह Ileana और Michael Sonnabend के संग्रह में पहुंची। पेंटिंग लंबे समय तक Baltimore Museum of Art को उधार पर भी दी गई थी। हाल में इसे The Sonnabend Collection Mantova में प्रदर्शित किया गया था।

इसकी नीलामी से मिलने वाली रकम Sonnabend Collection Foundation के काम में इस्तेमाल की जाएगी।

इस तरह बाजार में कुछ डॉलर में मिलने वाला सूप का डिब्बा कला की दुनिया में करोड़ों रुपये की पहचान बन गया।

Read more!
Advertisement