देशभर में लग सकता है एनालॉग पनीर पर बैन? FSSAI चीफ ने बताई सरकार की तैयारी

पनीर की शुद्धता को लेकर देशभर में नई बहस शुरू हो गई है। FSSAI प्रमुख राजित पुनहानी ने एनालॉग पनीर पर संभावित देशव्यापी प्रतिबंध के संकेत दिए हैं। राज्यों से फीडबैक के बाद फैसला लिया जा सकता है। जानिए क्या है एनालॉग पनीर और क्यों बढ़ी इसे लेकर चिंता।

Advertisement

In Short

  • FSSAI प्रमुख राजित पुनहानी ने कहा कि राज्यों से सहमति मिलने के बाद देशभर में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
  • एनालॉग पनीर असली दूध वाले पनीर का सस्ता विकल्प है, जिसमें दूध की वसा की जगह वनस्पति तेल, स्टार्च और अन्य पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है।
  • बैन लागू होने पर रेस्तरां और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को असली डेयरी पनीर का इस्तेमाल करना होगा, जिससे उनकी लागत बढ़ सकती है।

By Gaurav Kumar:

पनीर हमारी रोजमर्रा की सब्जियों, स्नैक्स और त्योहारों के खाने का अहम हिस्सा है। लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि बाजार में मिलने वाला हर पनीर क्या सच में दूध से बना है? फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के प्रमुख राजित पुनहानी के एक बयान के बाद “एनालॉग पनीर” को लेकर बहस तेज हो गई है। सरकार देशभर में इस सस्ते पनीर विकल्प पर रोक लगाने पर विचार कर रही है।

देशभर में लग सकता है एनालॉग पनीर पर बैन 

बिजनेस टुडे ने अपनी रिपोर्ट में एनडीटीवी के हवाले से बताया कि FSSAI अगले गुरुवार को सभी राज्यों के साथ बैठक करेगी। FSSAI के राजित पुनहानी ने कहा कि अगर सभी राज्यों से फीडबैक मिलने के बाद सहमति बनती है तो हम देशभर में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाएंगे।उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात और कुछ अन्य राज्यों ने पहले ही एनालॉग पनीर पर रोक लगा दी है। पुनहानी के मुताबिक कुछ देशों में एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट जैसे एनालॉग चीज का इस्तेमाल काफी होता है।

पनीर को लेकर चिंता क्यों है?

राजित पुनहानी ने कहा कि भारत में पनीर भोजन और प्रोटीन का एक बड़ा स्रोत है। उन्होंने बताया कि आठ राज्यों ने यह सुनिश्चित करने के लिए एनालॉग पनीर पर रोक लगाई है कि लोगों को सिर्फ दूध से बना असली पनीर मिले।

बैन हुआ तो रेस्तरां और दुकानदारों पर पड़ेगा असर

अगर एनालॉग पनीर पर देशभर में रोक लगती है तो रेस्तरां, ढाबों और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को इसका इस्तेमाल बंद करना होगा।

एनालॉग पनीर असली दूध वाले पनीर से करीब आधी कीमत में मिलता है। ऐसे में कारोबारियों को असली डेयरी पनीर खरीदने पर ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। उन्हें अपनी सप्लाई चेन की जांच करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके यहां इस्तेमाल होने वाला पनीर दूध से बना है।

क्या होता है एनालॉग पनीर?

एनालॉग पनीर असली पनीर का सस्ता ऑप्शन   होता है। इसे बनाने में दूध की फैटऔर दूध के ठोस हिस्सों की जगह वनस्पति तेल (जैसे पाम ऑयल), स्टार्च, थिकनर, स्टेबलाइजर और दूसरे पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है।

सेहत पर क्या असर पड़ सकता है?

एनालॉग पनीर में मौजूद ज्यादा ट्रांस फैट और हाइड्रोजेनेटेड ऑयल खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ा सकते हैं और दिल से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ा सकते हैं। इसमें मौजूद स्टार्च और अन्य फिलर कुछ लोगों में गैस, पेट फूलने और अपच जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं।

असली दूध वाले पनीर की तुलना में इसमें प्रोटीन और कैल्शियम की मात्रा कम हो सकती है, जिससे यह शरीर के लिए उतना फायदेमंद नहीं माना जाता।

Read more!
Advertisement