अमिताभ बच्चन के नाम और आवाज का इस्तेमाल अब पड़ेगा भारी! दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के नाम, फोटो और आवाज के गलत इस्तेमाल को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। मामला मोबाइल ऐप, WhatsApp मैसेज और KBC लॉटरी से जुड़ा है। आखिर कोर्ट ने क्या आदेश दिया और किन लोगों पर इसका असर पड़ेगा? जानिए पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • दिल्ली हाई कोर्ट ने अमिताभ बच्चन के नाम, फोटो और आवाज के बिना अनुमति कमर्शियल इस्तेमाल पर स्थायी रोक लगा दी है।
  • अमिताभ बच्चन की पहचान का इस्तेमाल मोबाइल ऐप, WhatsApp पर कथित KBC लॉटरी, क्विज बुक और पोस्टर में किया गया था।
  • चार आरोपियों ने समझौता किया, जबकि कोर्ट ने अज्ञात लोगों यानी John Does पर भी अपना आदेश लागू किया।

By Gaurav Kumar:

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के नाम, फोटो और आवाज का इस्तेमाल कई बार विज्ञापनों, मोबाइल ऐप और सोशल मीडिया पर देखने को मिलता है। लेकिन बिना उनकी इजाजत के इन चीजों का कमर्शियल इस्तेमाल करना कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है। इसी से जुड़े एक मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। आइए जानते हैं कि कोर्ट ने क्या आदेश दिया और किन मामलों में अमिताभ बच्चन की पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया था।

दिल्ली हाई कोर्ट ने क्या सुनाया फैसला?

दिल्ली हाई कोर्ट ने अमिताभ बच्चन के पर्सनैलिटी राइट्स से जुड़े मामले में स्थायी रोक लगाने का आदेश दिया है। इसका मतलब है कि अब कोई भी व्यक्ति या कंपनी उनकी इजाजत के बिना उनके नाम, फोटो, आवाज या पहचान से जुड़ी दूसरी चीजों का कमर्शियल इस्तेमाल नहीं कर सकेगी।

जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने 5 नवंबर को यह आदेश दिया। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले के साथ संबंधित आरोपियों के खिलाफ चल रही कानूनी कार्यवाही खत्म हो गई है।

अमिताभ बच्चन ने क्यों किया था कोर्ट का रुख?

अमिताभ बच्चन ने अपने पब्लिसिटी राइट्स और प्राइवेसी की सुरक्षा के लिए कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। उन्होंने अपनी पहचान के गलत इस्तेमाल को रोकने के साथ हर्जाने की भी मांग की थी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

मामले में मोबाइल ऐप, वॉट्सऐप मैसेज, क्विज बुक, पोस्टर और इंटरनेट डोमेन नेम के जरिए उनकी पहचान का बिना अनुमति इस्तेमाल करने के आरोप शामिल थे।

वीडियो कॉल ऐप से लेकर केबीसी लॉटरी तक का मामला

कोर्ट के आदेश के मुताबिक, एक आरोपी ने 'अमिताभ बच्चन वीडियो कॉल' नाम से मोबाइल ऐप बनाया था।दूसरे आरोपी ने अमिताभ बच्चन की फोटो लगाकर वॉट्सऐप पर मैसेज भेजे थे। इन मैसेज के जरिए कथित 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) लॉटरी का प्रचार किया जा रहा था।

इसके अलावा एक पब्लिशर अमिताभ बच्चन की फोटो वाली जनरल नॉलेज क्विज बुक बेच रहा था। कुछ अन्य आरोपी उनके नाम और फोटो वाले पोस्टर बेचने और उनकी पहचान से जुड़े डोमेन नेम रजिस्टर करने के मामले में शामिल थे।

चार आरोपियों ने किया समझौता

सुनवाई के दौरान चार आरोपियों ने अमिताभ बच्चन के साथ समझौता कर लिया। उन्होंने अभिनेता के पब्लिसिटी और प्राइवेसी राइट्स को स्वीकार किया।साथ ही भरोसा दिया कि वे उनकी साफ अनुमति के बिना उनके नाम, फोटो, आवाज, चेहरे या पहचान से जुड़ी किसी भी चीज का इस्तेमाल नहीं करेंगे।

ऐप हटाया, किताब और पोस्टर की बिक्री बंद

समझौते के तहत ऐप डेवलपर ने बताया कि मोबाइल ऐप डिलीट करने के लिए कदम उठाए गए हैं।पब्लिशर ने अमिताभ बच्चन की फोटो वाली क्विज बुक बंद कर दी। एक अन्य आरोपी ने उनके नाम और फोटो वाले पोस्टर बेचना बंद कर दिया।

कोर्ट को यह भी बताया गया कि 'amitabhbachchan.in' डोमेन नेम नवंबर 2022 में डिलीट किया जा चुका था।

अज्ञात लोगों पर भी लागू होगा कोर्ट का आदेश

हाई कोर्ट ने उन आरोपियों के खिलाफ भी राहत दी, जो समन मिलने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हुए या लिखित जवाब दाखिल नहीं किया।कोर्ट ने कहा कि अमिताभ बच्चन के नाम और फोटो का बिना अनुमति कारोबारी इस्तेमाल लोगों को यह गलत भरोसा दिला सकता है कि अभिनेता उस प्रोडक्ट या सर्विस का समर्थन कर रहे हैं।

इसी वजह से कोर्ट ने यह रोक अज्ञात लोगों यानी 'जॉन डो' पर भी लागू कर दी।

दोबारा गलत इस्तेमाल हुआ तो फिर जा सकेंगे कोर्ट

हाई कोर्ट ने माना कि इस मामले में विवादित तथ्यों को साबित करने के लिए ट्रायल की जरूरत नहीं है और सीधे कानूनी आदेश दिया जा सकता है।साथ ही कोर्ट ने अमिताभ बच्चन को यह छूट भी दी कि भविष्य में उनकी पहचान के गलत इस्तेमाल का कोई नया मामला सामने आता है, तो वे दोबारा कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं।

Read more!
Advertisement