Amazon में फिर छंटनी! सुबह-सुबह ईमेल भेजकर 250 कर्मचारियों की नौकरी खत्म
Amazon में एक बार फिर छंटनी हुई है। कंपनी ने करीब 250 कर्मचारियों की नौकरियां खत्म कर दी हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल और मैसेज के जरिए इसकी जानकारी दी गई। खास बात यह है कि कंपनी लगातार AI में निवेश बढ़ा रही है। आखिर किन कर्मचारियों पर छंटनी की मार पड़ी और कंपनी ने क्या वजह बताई? जानिए पूरी खबर।

In Short
- Amazon की डिवाइसेज यूनिट में करीब 250 कर्मचारियों की छंटनी।
- सुबह-सुबह ईमेल और मैसेज भेजकर दी गई नौकरी जाने की जानकारी।
- कंपनी इस साल AI पर 220 अरब डॉलर तक निवेश कर सकती है।
ई-कॉमर्स कंपनी Amazon ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने बुधवार को करीब 250 कर्मचारियों की नौकरियां खत्म कर दीं। ये छंटनी Amazon की डिवाइसेज यूनिट में हुई है, जो Kindle ई-रीडर और Echo स्मार्ट स्पीकर जैसे प्रोडक्ट बनाती है। सबसे ज्यादा असर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े कर्मचारियों पर पड़ा है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि किन देशों के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।
सुबह-सुबह ईमेल और मैसेज से मिली जानकारी
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Amazon ने प्रभावित कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज भेजकर नौकरी खत्म होने की जानकारी दी।
रिपोर्ट में Amazon की वाइस प्रेसिडेंट चेरी रॉबिन्सन के एक ईमेल का भी जिक्र है। इसमें उन्होंने बताया कि कंपनी के संगठनात्मक ढांचे की गहराई से समीक्षा की गई थी, जिसके बाद कुछ पद खत्म करने का फैसला लेना पड़ा।
Amazon के प्रवक्ता ने भी छंटनी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने कुछ पद खत्म करने का मुश्किल फैसला लिया है। हालांकि, कंपनी ने आधिकारिक तौर पर प्रभावित कर्मचारियों की संख्या नहीं बताई।
Amazon ने क्यों की कर्मचारियों की छंटनी?
कंपनी के मुताबिक, इस फैसले का मकसद कामकाज को ज्यादा कुशल बनाना और कर्मचारियों की भूमिकाओं को भविष्य के प्रोडक्ट प्लान के मुताबिक ढालना है।
दिलचस्प बात यह है कि छंटनी से एक दिन पहले Amazon ने अपनी इंजीनियरिंग टीम का सितंबर का एक मेमो जारी किया था। इसमें कर्मचारियों को AI टेक्नोलॉजी सीखने और उसे अपने काम में अपनाने की सलाह दी गई थी।
वहीं, जिस दिन छंटनी हुई, उसी दिन Amazon ने पांच नए Alexa आधारित डिवाइस भी पेश किए। इनमें Echo Show 16, Alexa Photo Frame और Echo Time जैसे प्रोडक्ट शामिल हैं।
पहले भी हजारों कर्मचारियों की जा चुकी है नौकरी
Amazon में यह पहली छंटनी नहीं है। अक्टूबर 2026 की शुरुआत में कंपनी ने अपनी रिटेल यूनिट से करीब 1,000 नौकरियां खत्म की थीं।
इससे पहले जनवरी 2026 में 16,000 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया गया था, जबकि अक्टूबर 2025 में 14,000 कर्मचारियों को निकालने की घोषणा हुई थी।
एक तरफ कंपनी कर्मचारियों की संख्या घटा रही है, वहीं दूसरी तरफ AI पर भारी निवेश कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, Amazon इस साल AI पर 220 अरब डॉलर तक निवेश कर सकती है।
टेक सेक्टर में छंटनी का सिलसिला दूसरी कंपनियों में भी जारी है। Layoffs.fyi के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक 1.35 लाख से ज्यादा टेक कर्मचारियों की नौकरियां जा चुकी हैं।