जुहू बंगले से अजय देवगन की बड़ी कमाई, 5 साल के एग्रीमेंट में हर महीने बढ़ेगा लाखों का किराया

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और उनकी मां वीना देवगन ने मुंबई के जुहू स्थित बंगले को 5 साल के लिए लीज पर दिया है। रजिस्टर्ड एग्रीमेंट के अनुसार, कंपनी हर महीने 16 लाख रुपये से किराया देगी, जो हर साल बढ़कर पांचवें साल में करीब 19.44 लाख रुपये हो जाएगा।

Advertisement

In Short

  • अजय देवगन और उनकी मां वीना देवगन ने जुहू का बंगला 5 साल के लिए लीज पर दिया, पहले साल का किराया 16 लाख रुपये महीना तय हुआ।
  • एग्रीमेंट के मुताबिक हर साल किराए में बढ़ोतरी होगी और पांचवें साल तक मंथली रेंट 19.44 लाख रुपये पहुंच जाएगा।
  • प्लूरिसन होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने लिया बंगला लीज पर, डील में 48 लाख रुपये के रिफंडेबल डिपॉजिट का भी जिक्र है।

By Gaurav Kumar:

मुंबई के पॉश इलाके जुहू में बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और उनकी मां वीना देवगन ने अपना बंगला 5 साल के लिए एक प्राइवेट कंपनी को लीज पर दिया है। 10 अगस्त 2026 को रजिस्टर्ड हुए एग्रीमेंट के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी का शुरुआती मंथली रेंट 16 लाख रुपये तय किया गया है, जो हर साल बढ़ता जाएगा। इस डील में प्रॉपर्टी की कीमत, डिपॉजिट और किराए में बढ़ोतरी से जुड़ी कई अहम जानकारियां दर्ज हैं। आइए जानते हैं इस हाई वैल्यू प्रॉपर्टी एग्रीमेंट की पूरी डिटेल।

जुहू में स्थित है 724.90 वर्ग मीटर का बंगला

रजिस्टर्ड डॉक्यूमेंट के अनुसार, यह बंगला मुंबई के जुहू इलाके में एनएस रोड नंबर 11 पर स्थित है। यह प्रॉपर्टी जुहू विले पार्ले डेवलपमेंट स्कीम में आती है और इसका नंबर एस-10 है। यह बंगला एक नर्सिंग होम के सामने स्थित है और मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।

पहले साल का किराया 16 लाख रुपये महीना

एग्रीमेंट के मुताबिक, लीज के पहले साल में किराए की रकम 16 लाख रुपये प्रति महीना तय की गई है। इसके बाद हर साल किराए में बढ़ोतरी होगी। दूसरे साल में यह किराया बढ़कर 16.80 लाख रुपये प्रति महीना हो जाएगा, जबकि तीसरे साल में 17.64 लाख रुपये प्रति महीना देना होगा।

पांचवें साल तक बढ़ जाएगा किराया

लीज के चौथे साल में मंथली रेंट 18.52 लाख रुपये तय किया गया है। वहीं पांचवें साल में किराए की रकम बढ़कर 19.44 लाख रुपये प्रति महीना हो जाएगी। यानी 60 महीने की इस लीज के दौरान किराया धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा और यह प्रॉपर्टी लंबे समय के लिए एक बड़ा कमर्शियल एसेट बन सकती है।

48 लाख रुपये का रिफंडेबल डिपॉजिट

इस प्रॉपर्टी एग्रीमेंट में 48 लाख रुपये के इंटरेस्ट फ्री रिफंडेबल डिपॉजिट का भी जिक्र है। इसका मतलब है कि लीज खत्म होने के बाद तय शर्तों के अनुसार यह रकम वापस की जाएगी। रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट में प्रॉपर्टी की मार्केट वैल्यू भी 48 लाख रुपये बताई गई है।

किस कंपनी ने लिया है बंगला लीज पर?

रजिस्टर्ड डॉक्यूमेंट में अजय देवगन को अजय उर्फ विशाल वीरू देवगन के नाम से दर्ज किया गया है। इसमें अजय देवगन और उनकी मां वीना देवगन की ओर से अधिकृत पावर ऑफ अटॉर्नी होल्डर के जरिए एग्रीमेंट किया गया है। इस प्रॉपर्टी को लीज पर लेने वाली कंपनी प्लूरिसन होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड है, जिसकी ओर से अधिकृत साइनटरी ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं।

10 अगस्त 2026 को हुआ रजिस्ट्रेशन

यह प्रॉपर्टी ट्रांजैक्शन 10 अगस्त 2026 को रजिस्टर हुआ है। डॉक्यूमेंट नंबर 17288/2026 दर्ज किया गया है। इसके लिए 2,71,500 रुपये की स्टांप ड्यूटी और 1,000 रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस जमा की गई है।

ब्रांडिंग या बिक्री नहीं, सिर्फ लीज एग्रीमेंट

यह डील सिर्फ प्रॉपर्टी को लीज पर देने से जुड़ी है। इसका मतलब यह नहीं है कि बंगला बेचा गया है या किसी कंपनी को इसका मालिकाना हक दिया गया है। एग्रीमेंट के तहत कंपनी तय समय तक इस प्रॉपर्टी का इस्तेमाल करेगी और अजय देवगन व वीना देवगन प्रॉपर्टी के मालिक बने रहेंगे।

Read more!
Advertisement