Air India 171 Crash: फ्यूल कंट्रोल स्विच में नहीं मिली कोई गड़बड़ी, सरकार ने संसद में दी जानकारी

सरकार ने संसद में लिखित जवाब में कहा है कि फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच में अब तक कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। हालांकि, पूरे थ्रस्ट कंट्रोल मॉड्यूल (Thrust Control Module) की विस्तृत जांच अभी भी ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) की सुविधा में जारी है।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

Air India 171 Crash: एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 हादसे की जांच अभी जारी है। इस बीच सरकार ने संसद में लिखित जवाब में कहा है कि फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच में अब तक कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। हालांकि, पूरे थ्रस्ट कंट्रोल मॉड्यूल (Thrust Control Module) की विस्तृत जांच अभी भी ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) की सुविधा में जारी है।

यह जानकारी भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने राज्यसभा में लिखित रूप में दी है। यह प्रश्न "AI-171 विमान हादसे की AAIB की अंतिम जांच रिपोर्ट जारी होने में देरी" को लेकर 27 जुलाई 2026 को पूछा गया था।

फ्यूल कंट्रोल स्विच की हुई थी OEM स्तर पर जांच

नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने लिखित जवाब में बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमान की एयरवर्दीनेस सुनिश्चित करने के तहत अमेरिका के सिएटल में OEM स्तर पर Fuel Control Switch Locking Mechanism की जांच कराई थी। जांच के दौरान फ्यूल कंट्रोल स्विच और उसके डिटेंट (Detents) की स्ट्रक्चरल इंटीग्रिटी का विस्तार से परीक्षण किया गया। इस जांच में किसी भी तरह की असामान्यता या तकनीकी खराबी नहीं पाई गई।

हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे Thrust Control Module की आगे की जांच अभी जारी है और उसके नतीजे आने बाकी हैं।

AAIB रिपोर्ट में देरी नहीं, जांच जारी

राज्यसभा में पूछे गए सवाल में यह भी जानना चाहा गया था कि AI171 हादसे के एक साल से ज्यादा समय बाद भी AAIB की अंतिम रिपोर्ट क्यों जारी नहीं हुई। इस पर सरकार ने कहा कि जांच में किसी तरह की देरी नहीं हो रही है। बड़े विमान हादसों की जांच की समयसीमा पहले से तय नहीं की जा सकती, क्योंकि यह कई तकनीकी और अन्य पहलुओं पर निर्भर करती है।

सभी संभावित कारणों की हो रही जांच

सरकार ने अपने जवाब में कहा कि हादसे के सभी संभावित कारणों और दुर्घटना में योगदान देने वाले हर पहलू की जांच की जा रही है। इसलिए अभी किसी एक वजह पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

जांच पूरी होने के बाद सार्वजनिक होगी रिपोर्ट

सरकार ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) अपनी अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक करेगा। रिपोर्ट में जांच के सभी निष्कर्ष शामिल होंगे और इसे AAIB की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा।

सरकार के इस जवाब से फिलहाल एयर इंडिया को राहत मिली है, क्योंकि DGCA की OEM स्तर की जांच में फ्यूल कंट्रोल स्विच में कोई असामान्यता नहीं मिली है। हालांकि, AI171 हादसे की अंतिम वजह और जांच के निष्कर्ष AAIB की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह सामने आएंगे।

Read more!
Advertisement