Air India की एक गलती से टकराते-टकराते बचे दो विमान, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया। टैक्सींग के दौरान एयर इंडिया का विमान गलत दिशा में मुड़कर इंडिगो के विमान के सामने पहुंच गया। हालांकि, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की त्वरित कार्रवाई से दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

In Short
- अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा, आमने-सामने आ गए Air India और IndiGo के विमान
- Air India की गलती से टकराते-टकराते बचे दो विमान, ATC की सतर्कता ने टाला हादसा
- Air India विमान ने लिया गलत मोड़, सामने आ गया IndiGo का विमान
- अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 200 मीटर की दूरी पर रुके दो विमान, जांच शुरू
गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एयर इंडिया का एक विमान लैंडिंग के बाद टैक्सींग के दौरान गलत दिशा में मुड़ गया और इंडिगो के विमान के सामने पहुंच गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की कार्रवाई से दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया जिससे दुर्घटना टल गई।
टैक्सीवे पर आमने-सामने आए दो विमान
सूत्रों के अनुसार मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट पार्किंग बे की ओर जाते समय गलत टैक्सीवे पर चली गई। उसी समय मुंबई रवाना होने के लिए तैयार इंडिगो की फ्लाइट उसी टैक्सीवे पर मौजूद थी। स्थिति का पता चलते ही ATC ने दोनों विमानों के पायलटों से तुरंत संपर्क किया और उन्हें रुकने का निर्देश दिया। बताया जा रहा है कि जब दोनों विमानों को रोका गया तब उनके बीच की दूरी करीब 200 मीटर ही रह गई थी।
एयर इंडिया ने मानी गलती
घटना के बाद एयर इंडिया ने बयान जारी कर स्वीकार किया कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद पहुंची उसकी फ्लाइट टैक्सींग के दौरान गलती से गलत दिशा में मुड़ गई थी। एयरलाइन ने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ और मामले की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है। वहीं इंडिगो ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दूसरी एयरलाइन का विमान गलत दिशा में आ गया था। एयर इंडिया के विमान को हटाने के बाद इंडिगो की फ्लाइट ने सुरक्षित रूप से मुंबई के लिए उड़ान भरी।
हादसा टलने के बाद जांच शुरु
विमानन नियामक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, दोनों विमान एयरबस A320** श्रेणी के नैरो-बॉडी विमान थे, जिनमें सामान्य तौर पर 150 से 180 यात्रियों को ले जाने की क्षमता होती है। हालांकि घटना के समय दोनों विमानों में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।