'मेरे पास हवा में उड़ने का लाइसेंस है'... आगरा की ड्रोन दीदी रेखा ने सुनाई ऐसी कहानी कि तालियों से गूंज उठा हॉल
आगरा की रेखा जब पहली बार ड्रोन लेकर अपने गांव पहुंचीं, तो लोगों ने उनका मजाक उड़ाया। किसी ने कहा कि महिलाएं ये काम नहीं कर सकतीं, तो किसी ने उनकी काबिलियत पर सवाल उठाए। लेकिन रेखा ने ऐसा क्या किया कि वही लोग उनकी तारीफ करने लगे? जानिए उनकी कहानी।

In Short
- आगरा की रेखा ने तीन महीने की ट्रेनिंग के बाद ड्रोन उड़ाना सीखा और गांव वालों की सोच बदल दी।
- शुरुआत में किसानों ने ड्रोन से स्प्रे करने पर भरोसा नहीं किया, तो रेखा ने फ्री में स्प्रे करके दिखाया।
- रेखा ने कहा, 'आपके पास जमीन पर चलने का लाइसेंस है, मेरे पास हवा में उड़ने का लाइसेंस है।'
खेती में अब सिर्फ पुराने तरीकों से काम नहीं हो रहा, बल्कि नई टेक्नोलॉजी भी तेजी से अपनी जगह बना रही है। खास बात यह है कि गांव की महिलाएं भी इस बदलाव का हिस्सा बन रही हैं। कोई ड्रोन चलाना सीख रही है तो कोई किसानों को नई तकनीक के फायदे बता रही है। ऐसी ही एक कहानी आगरा की रेखा की है, जिन्होंने ड्रोन पायलट बनने तक का अपना सफर सुनाया।
गांव वालों ने कहा, ये काम महिलाओं के बस का नहीं
भारत एग्रीकल्चर कॉन्क्लेव 2026 में आगरा की रेखा ने बताया कि जब वह पहली बार ड्रोन लेकर अपने गांव पहुंचीं, तो लोगों ने उनका मजाक उड़ाया। गांव वालों ने कहा कि ड्रोन उड़ाना पुरुषों का काम है और वह इसे नहीं चला पाएंगी। रेखा ने बताया कि इतनी बातें सुनकर शुरुआत में उन्हें डर भी लगा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
तीन महीने तक ली ड्रोन उड़ाने की ट्रेनिंग
रेखा ने बताया कि ड्रोन चलाना सीखने के लिए उन्होंने तीन महीने तक ट्रेनिंग ली। इसके लिए वह पहले हैदराबाद गईं, फिर इलाहाबाद और उसके बाद बिहार पहुंचीं। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद उन्होंने अपने गांव के किसानों को ड्रोन से स्प्रे करके दिखाया।
किसानों ने पहले नहीं किया भरोसा
रेखा के मुताबिक, पहले किसान हाथों से नैनो यूरिया का छिड़काव करते थे। इसमें समय और पानी दोनों ज्यादा लगते थे। जब ड्रोन से स्प्रे करने की बात आई तो किसानों को भरोसा नहीं हुआ। एक किसान ने तो यहां तक कह दिया कि वह हाथों से ज्यादा अच्छा स्प्रे कर सकता है।
फ्री में स्प्रे करके बदली किसानों की सोच
रेखा ने बताया कि उन्होंने किसान से सिर्फ एक मौका मांगा और कहा कि वह बिना पैसे लिए ड्रोन से स्प्रे करके दिखाएंगी। जब किसान ने ड्रोन का काम देखा तो उसका भरोसा बढ़ा। इसके बाद रेखा ने गांव में इस टेक्नोलॉजी के बारे में लोगों को बताना शुरू किया।
'आपके पास जमीन पर चलने का, मेरे पास हवा में उड़ने का लाइसेंस'
रेखा ने बताया कि लोग उनसे पूछते थे कि उनके पास कौन सा लाइसेंस है। इस पर उन्होंने जवाब दिया, 'आपके पास टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चलाने का लाइसेंस है, लेकिन मेरे पास हवा में उड़ने का लाइसेंस है।' उन्होंने कहा कि उनके गांव में किसी के पास ऐसा लाइसेंस नहीं है और वह अपने जिले में ड्रोन पायलट का लाइसेंस पाने वाली महिला बनीं।
हर कार्यक्रम में साथ लेकर जाती हैं ड्रोन
कार्यक्रम के दौरान एंकर ने बताया कि रेखा जहां भी जाती हैं, अपना ड्रोन साथ लेकर जाती हैं। यहां तक कि उन्हें इस कार्यक्रम में भी ड्रोन नहीं लाने के लिए कहना पड़ा, क्योंकि प्रधानमंत्री के आने की वजह से सुरक्षा प्रोटोकॉल थे। रेखा की बातों पर हॉल तालियों से गूंज उठा।
रेखा ने कहा, 'मैं जमीन पर नहीं चलती, मैं हवा में उड़ती हूं। इसीलिए मैं नमो ड्रोन दीदी हूं।' उनकी कहानी बताती है कि मौका और आत्मविश्वास मिले तो गांव की महिलाएं भी नई टेक्नोलॉजी के जरिए अपनी पहचान बना सकती हैं।