16 साल की उम्र में दुनिया में रचा इतिहास, लॉकडाउन में शुरू हुई पढ़ाई से दुबई तक पहुंचा युवा CA
16 साल की उम्र में लक्ष्मणन मेयप्पन ने दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर इतिहास रच दिया। लॉकडाउन में शुरू हुई अकाउंटिंग की पढ़ाई ने उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तक पहुंचाया। अब वह दुबई में फाइनेंस सेक्टर में काम करते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।

In Short
- 16 साल 141 दिन की उम्र में लक्ष्मणन मेयप्पन बने दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष CA
- लॉकडाउन के दौरान शुरू की अकाउंटिंग पढ़ाई और करीब एक साल में पूरी की ACCA क्वालिफिकेशन
- रिकॉर्ड के बाद CFA चार्टर हासिल किया और अब दुबई में सीनियर रिसर्च एनालिस्ट के तौर पर कर रहे हैं काम
आमतौर पर 16 साल की उम्र में ज्यादातर छात्र कॉलेज और आगे की पढ़ाई के बारे में सोच रहे होते हैं, लेकिन लक्ष्मणन मेयप्पन ने इस उम्र में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया जिसने उन्हें दुनिया भर में पहचान दिला दी। वह 16 साल और 141 दिन की उम्र में दुनिया के सबसे कम उम्र के पुरुष चार्टर्ड अकाउंटेंट बने। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, उनकी यह उपलब्धि कम उम्र में हासिल की गई एक बड़ी प्रोफेशनल सफलता है। उनकी यह सफर लॉकडाउन के दौरान शुरू हुआ और आगे चलकर फाइनेंस की दुनिया तक पहुंच गया।
लॉकडाउन में बदली पढ़ाई की दिशा
कोविड लॉकडाउन ने लक्ष्मणन मेयप्पन की जिंदगी की दिशा बदल दी। क्लास 10 की बोर्ड परीक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने घर पर ही अकाउंटिंग की पढ़ाई शुरू की। इस दौरान उनकी मां ने उनकी मदद की, जो खुद एसीसीए प्रोफेशनल थीं। शुरुआत में जो पढ़ाई सिर्फ एक नई रुचि थी, वही धीरे धीरे उनके करियर का रास्ता बन गई।
एक साल में पूरी की प्रोफेशनल पढ़ाई
लक्ष्मणन ने सिर्फ 15 साल की उम्र में एसीसीए क्वालिफिकेशन की तैयारी शुरू की। इसके बाद करीब एक साल के अंदर उन्होंने इसे पूरा कर लिया। यह उपलब्धि उस समय हासिल हुई जब उनकी उम्र के ज्यादातर छात्र अभी सीनियर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी करने में लगे थे। उनकी तेज सीखने की क्षमता और लगातार मेहनत ने उन्हें इतनी कम उम्र में एक अलग पहचान दिलाई।
रिकॉर्ड के बाद भी जारी रखा सफर
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना लक्ष्मणन के लिए मंजिल नहीं था। इसके बाद उन्होंने सीएफए चार्टर हासिल किया और अब फाइनेंस में एमएससी की पढ़ाई भी कर रहे हैं। कम उम्र में शुरू हुआ उनका प्रोफेशनल सफर लगातार आगे बढ़ रहा है और वह फाइनेंस सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।
दुबई में फाइनेंस मार्केट से जुड़े
लॉकडाउन में अकाउंटिंग सीखने वाला यह युवा अब दुबई में फाइनेंस इंडस्ट्री में काम कर रहा है। लक्ष्मणन मेयप्पन फिलहाल सेंचुरी फाइनेंशियल में सीनियर रिसर्च एनालिस्ट के पद पर काम कर रहे हैं। यहां वह इन्वेस्टमेंट रिसर्च, एनालिसिस और मार्केट से जुड़े फैसलों पर काम करते हैं। 16 साल की उम्र में रिकॉर्ड बनाने से शुरू हुआ उनका सफर अब एक सफल फाइनेंस करियर की ओर बढ़ रहा है।