प्यार, धोखा और करोड़ों की कथित ठगी... Netflix लेकर आ रहा है सुकेश चंद्रशेखर की कहानी
200 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में चर्चा में रहे सुकेश चंद्रशेखर की कहानी अब नेटफ्लिक्स पर देखने को मिलेगी। इस डॉक्यूमेंट्री में जेल के अंदर से कथित धोखाधड़ी और बड़े लोगों से पहचान के दावों की पड़ताल की जाएगी। जानिए कब रिलीज होगी यह डॉक्यूमेंट्री और क्या होगा खास।

नेटफ्लिक्स की इस नई ट्रू क्राइम डॉक्यूमेंट्री का नाम 'लव स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' (Love Scam Aur Dhokha: The Sukesh Chandrashekhar Story) है। इसमें 200 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले को दिखाया जाएगा। डॉक्यूमेंट्री में यह बताया जाएगा कि कैसे सुकेश पर लगे ठगी के आरोपों ने देशभर में लोगों का ध्यान खींचा और उसका नाम कई हाई प्रोफाइल आपराधिक मामलों की जांच से जुड़ा।
इस डॉक्यूमेंट्री का एक अहम हिस्सा दिल्ली की तिहाड़ जेल से जुड़ा होगा। जांच एजेंसियों का आरोप है कि सुकेश जेल में बंद रहने के दौरान भी धोखाधड़ी से जुड़ी गतिविधियों को अंजाम देता रहा। डॉक्यूमेंट्री में सिस्टम की उन कथित खामियों को भी दिखाया जाएगा, जिनकी वजह से उसकी गतिविधियां लंबे समय तक जारी रहीं। इसके साथ ही जेल की निगरानी व्यवस्था से जुड़े सवालों पर भी बात होगी।
डॉक्यूमेंट्री में बेंगलुरु में सुकेश के शुरुआती जीवन से लेकर देशभर में उसके चर्चा में आने तक के सफर को दिखाया जाएगा। आरोप है कि सुकेश प्रभावशाली लोगों से पहचान होने का दावा कर दूसरों का भरोसा जीतता था। डॉक्यूमेंट्री में बॉलीवुड सितारों और राजनीतिक हस्तियों से उसके कथित कनेक्शन की भी पड़ताल की जाएगी।
यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसे इंडिया टुडे ओरिजिनल्स ने प्रोड्यूस किया है, जबकि मौमिता सेन और नियंथा शेखर ने इसका निर्देशन किया है। इसे उसी टीम ने तैयार किया है, जो इससे पहले 'करी एंड साइनाइड' (Curry & Cyanide) और 'द इंद्राणी मुखर्जी स्टोरी' (The Indrani Mukerjea Story) जैसी डॉक्यूमेंट्री बना चुकी है।