OTT की दुनिया के 5 ऐसे किरदार, जिनका अंदाज और एक्टिंग आज भी नहीं भूल पाए हैं दर्शक
ओटीटी की दुनिया में कई ऐसे किरदार हैं, जिन्होंने अपनी एक्टिंग, डायलॉग और अनोखे अंदाज से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। 'मिर्जापुर' के कालीन भैया से लेकर 'पंचायत' के प्रह्लाद चा तक, जानिए उन पांच यादगार किरदारों के बारे में, जिनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है।

मनोज बाजपेयी ने 'द फैमिली मैन' में श्रीकांत तिवारी का किरदार निभाया है। श्रीकांत एक ऐसा सीक्रेट एजेंट है, जो आतंकियों की साजिशों को नाकाम करने में माहिर है, लेकिन अपनी पारिवारिक समस्याओं को सुलझाने में उलझा रहता है। एक तरफ वह इंटेलिजेंस एजेंसी TASC के लिए काम करता है, तो दूसरी तरफ शादीशुदा जिंदगी, बच्चों की परवरिश और मिडिल क्लास परिवार की परेशानियों से जूझता है। उसका मजाकिया अंदाज उसे दूसरे जासूसी किरदारों से अलग बनाता है।
पंकज त्रिपाठी ने 'मिर्जापुर' में कालीन भैया का किरदार निभाकर खूब लोकप्रियता हासिल की है। कालीन भैया हथियारों, ड्रग्स और राजनीतिक संबंधों के दम पर अपराध की दुनिया में अपना दबदबा बनाए रखता है। वह कम बोलता है और हर फैसला सोच-समझकर लेता है। उसके शांत स्वभाव के पीछे सत्ता हासिल करने की भूख और बेरहमी छिपी है। यही अंदाज उसके किरदार को खास बनाता है।
दिव्येंदु का किरदार मुन्ना त्रिपाठी अपने पिता कालीन भैया की पूरी सत्ता हासिल करना चाहता है, लेकिन उसमें सब्र की कमी है। उसका गुस्सा, असुरक्षा की भावना और अपनी पहचान बनाने की चाह उसे बार-बार मुश्किलों में डालती है। उसके अचानक लिए गए फैसले, मजाकिया डायलॉग और दबंग अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आए। सीरीज में किरदार की मौत के बाद भी उसकी लोकप्रियता बनी रही।
जयदीप अहलावत ने 'पाताल लोक' में दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर हाथीराम चौधरी का किरदार निभाया है। वह हत्या की एक हाई प्रोफाइल साजिश की जांच करता है। जांच के दौरान उसके सामने जाति, सामाजिक भेदभाव और राजनीतिक प्रभाव से जुड़ी कई सच्चाइयां आती हैं। निजी जिंदगी और करियर में तमाम परेशानियों के बावजूद हाथीराम सच की तलाश करना नहीं छोड़ता है।
फैसल मलिक ने 'पंचायत' में प्रह्लाद चा का किरदार निभाया है। फुलेरा गांव में प्रधान जी के साथी प्रह्लाद चा शुरुआत में हंसने-हंसाने वाले इंसान के तौर पर नजर आते हैं। हालांकि, निजी जिंदगी में हुई एक दुखद घटना उनके किरदार को पूरी तरह बदल देती है। उनका इमोशनल सफर दर्शकों को भावुक कर देता है। यही वजह है कि प्रह्लाद चा 'पंचायत' के सबसे यादगार किरदारों में शामिल हैं।