दिल्ली की इन सड़कों पर निकलने से पहले चेक कर लें ट्रैफिक अपडेट, 20 अक्टूबर तक जाम का अलर्ट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 20 अक्टूबर तक कई सड़कों पर जाम की चेतावनी दी है। रामलीला और दुर्गा पूजा के चलते अक्षरधाम, मयूर विहार और शाहदरा समेत कई इलाकों में ट्रैफिक धीमा रह सकता है। निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।

शाम के समय लग सकता है भारी जाम
पूर्वी दिल्ली में इस त्योहार के दौरान वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 20 अक्टूबर तक शाम 7 बजे से रात 11 बजे के बीच कई सड़कों पर जाम की चेतावनी दी है। रामलीला और दुर्गा पूजा के चलते बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो सकती है।
अक्षरधाम और मयूर विहार में ट्रैफिक अलर्ट
अक्षरधाम, मयूर विहार और पांडव नगर के आसपास ट्रैफिक धीमा रह सकता है। अक्षरधाम ROB के पास गणेश नगर सर्विस रोड और पांडव नगर अंडरपास से पटपड़गंज गांव होते हुए आचार्य निकेतन मार्केट तक जाम लग सकता है। मयूर विहार फेज-3, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन और दल्लूपुरा से नोएडा मोड़ जाने वाले रास्ते भी प्रभावित हो सकते हैं।
शाहदरा की इन सड़कों पर भी जाम की आशंका
विकास मार्ग, राजा राम कोहली मार्ग, पटपड़गंज रोड, मधु विहार रोड और स्वामी दयानंद मार्ग पर भी ट्रैफिक जाम की आशंका है। शाहदरा में CBD ग्राउंड के पास रोड नंबर 58 और विवेक विहार पुलिस स्टेशन के सामने रामलीला ग्राउंड के पास रोड नंबर 71 पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
पार्किंग को लेकर पुलिस की खास सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से तय पार्किंग वाली जगहों पर ही गाड़ियां खड़ी करने की अपील की है। रामलीला और दुर्गा पूजा स्थलों के आसपास सड़क किनारे पार्किंग करने से बचें। वाहन चालक डायवर्जन के संकेतों का पालन करें और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करें। शाम 7 से रात 11 बजे के बीच प्रभावित रास्तों पर गैरजरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।