दिल्ली में फिर शुरू होगी हॉट एयर बैलून राइड! आसमान से दिखेगा शहर का शानदार नजारा
दिल्ली में घूमने-फिरने के शौकीन लोगों के लिए अच्छी खबर है. राजधानी में एक बार फिर हॉट एयर बैलून राइड शुरू होने जा रही है. इस बार टिकट की कीमत भी कम हो सकती है. जानिए कब और कहां मिलेगी यह सुविधा, कितना होगा खर्च और क्या रहेगा खास.

Delhi Hot Air Balloon Ride: दिल्ली में घूमने-फिरने और कुछ नया करने के शौकीन लोगों के लिए अच्छी खबर है. अगर आप भी आसमान से दिल्ली का खूबसूरत नजारा देखना चाहते हैं, तो जल्द ही आपको इसका मौका मिलने वाला है. राजधानी में एक बार फिर हॉट एयर बैलून राइड शुरू करने की तैयारी चल रही है. खास बात यह है कि इस बार टिकट की कीमत भी कम हो सकती है. आइए जानते हैं कि बैलून राइड कब और कहां शुरू होगी, कितना खर्च आएगा और इसमें क्या-क्या खास होगा.
दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) 14 नवंबर से सराय काले खां के पास स्थित बांसेरा पार्क में हॉट एयर बैलून राइड दोबारा शुरू करने जा रही है. पिछले साल इस राइड के लिए एक व्यक्ति को 2,300 रुपये खर्च करने पड़ते थे. हालांकि, इतनी ज्यादा कीमत होने की वजह से लोगों ने इसमें उम्मीद के मुताबिक दिलचस्पी नहीं दिखाई थी. इसी कारण इस बार टिकट की कीमत कम करने पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, नई कीमत अभी तय नहीं हुई है. सर्दियों की शुरुआत के साथ मौसम भी बैलून राइड के लिए अनुकूल होने लगता है. ऐसे में दिल्ली के लोगों और बाहर से आने वाले टूरिस्ट को इस खास अनुभव का मजा लेने का मौका मिलेगा.
हॉट एयर बैलून की एक राइड आमतौर पर 7 से 12 मिनट तक चलती है. इसमें एक साथ चार लोग बैठ सकते हैं. खास बात यह है कि यह बैलून पूरी तरह खुले आसमान में उड़ने के बजाय रस्सियों के सहारे जमीन से जुड़ा रहता है. इसे टेथर्ड बैलून राइड कहा जाता है. इस दौरान लोग ऊंचाई से आसपास का नजारा देख सकते हैं. उत्तर भारत में नवंबर से फरवरी के बीच का मौसम ऐसी राइड के लिए बेहतर माना जाता है. वहीं, इस बार लोगों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम शुरू करने की भी तैयारी है. अगर यह सुविधा शुरू होती है, तो लोग घर बैठे अपनी राइड बुक कर सकेंगे. हालांकि, ऑनलाइन बुकिंग कब से शुरू होगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
DDA ने पहले बांसेरा पार्क के अलावा यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और यमुना किनारे असिता में भी हॉट एयर बैलून राइड शुरू करने की योजना बनाई थी. हालांकि, फिलहाल इन जगहों पर राइड शुरू करने का प्लान होल्ड पर है. अभी पूरा ध्यान बांसेरा पार्क में इस सुविधा को दोबारा शुरू करने पर है. पिछले साल लोगों की कम दिलचस्पी को देखते हुए इस बार टिकट सस्ता करने की तैयारी है. अगर कम कीमत के कारण ज्यादा लोग बैलून राइड लेने पहुंचते हैं, तो आने वाले समय में दिल्ली की दूसरी जगहों पर भी यह सुविधा शुरू की जा सकती है.