Zomato यूजर्स के लिए खुशखबरी! अब 40 KM दूर से भी मंगा सकेंगे खाना, लेकिन डिलीवरी चार्ज का क्या?

Zomato से खाना ऑर्डर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। कंपनी ने Limitless Delivery नाम से नया फीचर शुरू किया है, जिससे अब घर से काफी दूर मौजूद पसंदीदा रेस्टोरेंट का खाना भी मंगाया जा सकेगा। फिलहाल यह सुविधा देश के चुनिंदा शहरों में उपलब्ध है। जानिए कितनी दूर तक होगी डिलीवरी, कैसे मिलेगा नया विकल्प और चार्ज को लेकर क्या जानकारी सामने आई है।

Advertisement
Zomato ने लॉन्च किया Limitless Delivery फीचर, अब 40 किलोमीटर दूर के रेस्टोरेंट से भी मंगा सकेंगे पसंदीदा खाना।
Zomato ने लॉन्च किया Limitless Delivery फीचर, अब 40 किलोमीटर दूर के रेस्टोरेंट से भी मंगा सकेंगे पसंदीदा खाना।

In Short

  • Zomato ने लॉन्च किया Limitless Delivery फीचर, अब 40 KM दूर से भी मंगा सकेंगे खाना।
  • दिल्ली NCR और मुंबई समेत देश के 7 शहरों में शुरू हुई नई सुविधा।
  • अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज और डिलीवरी टाइम को लेकर कंपनी ने अभी नहीं दी जानकारी।

By Shakshi:

ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Zomato ने अपने ग्राहकों के लिए एक नया फीचर लॉन्च किया है। इसका नाम Limitless Delivery है। इस फीचर की मदद से अब यूजर्स अपने शहर में 40 किलोमीटर दूर तक मौजूद रेस्टोरेंट से भी खाना ऑर्डर कर सकेंगे। यानी अगर आपका पसंदीदा रेस्टोरेंट घर से काफी दूर है, तो वहां का खाना मंगाने के लिए आपको खुद जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फिलहाल कंपनी ने यह सुविधा भारत के सात शहरों में शुरू की है।

क्या है Zomato का Limitless Delivery फीचर?

अब तक Zomato ऐप पर ग्राहकों को ज्यादातर वही रेस्टोरेंट दिखाई देते थे, जो उनके डिलीवरी एड्रेस के आसपास मौजूद होते थे। लेकिन Limitless Delivery फीचर के आने से यह दायरा बढ़ गया है।

अब ग्राहक अपने शहर के दूसरे हिस्सों में मौजूद लोकप्रिय रेस्टोरेंट से भी खाना ऑर्डर कर सकते हैं। हालांकि, रेस्टोरेंट की दूरी 40 किलोमीटर तक होनी चाहिए और वह Zomato पर उपलब्ध होना चाहिए।

उदाहरण के लिए, अगर आप गुरुग्राम में रहते हैं और दिल्ली NCR के किसी दूसरे इलाके के रेस्टोरेंट का खाना पसंद करते हैं, तो इस फीचर के जरिए वहां से भी ऑर्डर कर सकेंगे, बशर्ते वह रेस्टोरेंट डिलीवरी के लिए उपलब्ध हो।

कैसे इस्तेमाल करें नया फीचर?

Zomato के Limitless Delivery फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान है। इसके लिए ग्राहकों को ऐप खोलना होगा।

ऐप के होमपेज पर Explore More सेक्शन में Limitless Delivery का विकल्प मिलेगा। इस पर क्लिक करने के बाद उन लोकप्रिय रेस्टोरेंट की लिस्ट दिखाई देगी, जहां से ग्राहक खाना मंगा सकते हैं।

इसके अलावा यूजर्स सीधे सर्च बार में अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट का नाम डालकर भी खाना ऑर्डर कर सकते हैं।

कंपनी का कहना है कि इस फीचर से ग्राहकों को खाने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे। वहीं, रेस्टोरेंट भी शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले नए ग्राहकों तक पहुंच सकेंगे।

किन शहरों में शुरू हुई सुविधा?

Zomato ने फिलहाल Limitless Delivery को भारत के सात शहरों में शुरू किया है। इनमें बेंगलुरु, दिल्ली NCR, चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, पुणे और हैदराबाद शामिल हैं।

इन शहरों के ग्राहक ऐप पर नए फीचर को चेक कर सकते हैं।

हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि 40 किलोमीटर दूर से खाना मंगाने पर ग्राहकों को अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज देना होगा या नहीं। इसके अलावा दूर के रेस्टोरेंट से खाना पहुंचने में कितना समय लगेगा, इसकी भी जानकारी नहीं दी गई है।

ऐसे में ऑर्डर करने से पहले ऐप पर दिखाई देने वाले डिलीवरी चार्ज और अनुमानित समय को जरूर चेक करें।

Read more!
Advertisement