Xiaomi 18 Pro की भारत में एंट्री कन्फर्म! आगे-पीछे स्क्रीन, 200MP के दो कैमरे, जानें कीमत और लॉन्च डिटेल
Xiaomi भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एक ऐसा फ्लैगशिप फोन लाने की तैयारी कर रही है, जिसमें आगे के साथ पीछे भी स्क्रीन मिलेगी। कंपनी ने Xiaomi 18 Pro की भारत में लॉन्चिंग की पुष्टि कर दी है। इस फोन में दो 200MP कैमरे, पावरफुल Snapdragon प्रोसेसर और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिलेंगे। लेकिन इसकी कीमत कितनी होगी और भारतीय ग्राहकों को कब मिलेगा? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- Xiaomi ने IMC 2026 में Xiaomi 18 Pro के भारत में लॉन्च होने की पुष्टि की है।
- फोन में 6.4 इंच की मुख्य डिस्प्ले और पीछे 2.7 इंच की सेकेंडरी स्क्रीन मिलेगी।
- स्मार्टफोन में दो 200MP कैमरे, 7000mAh बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है।
स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi भारतीय बाजार में अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन Xiaomi 18 Pro लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि यह फोन आने वाले कुछ महीनों में भारत में दस्तक देगा। इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 में आयोजित Snapdragon Day के दौरान Xiaomi India के एसोसिएट डायरेक्टर, प्रोडक्ट मार्केटिंग, गौतम बत्रा ने इसकी जानकारी दी। इस स्मार्टफोन की सबसे खास बात इसका डुअल डिस्प्ले सेटअप, दमदार प्रोसेसर और Leica के साथ विकसित किया गया कैमरा सिस्टम है।
फोन के आगे और पीछे मिलेगी स्क्रीन
Xiaomi 18 Pro में 6.4 इंच की फ्लैट 1.5K LTPO AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 4,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। खास बात यह है कि फोन के पीछे कैमरा मॉड्यूल के पास 2.7 इंच की दूसरी LTPO AMOLED स्क्रीन भी मिलती है।
यह छोटी स्क्रीन भी 120Hz रिफ्रेश रेट और 4,000 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आती है। इसकी मदद से यूजर्स नोटिफिकेशन देख सकेंगे, विजेट इस्तेमाल कर सकेंगे और रियर कैमरे से सेल्फी लेते समय खुद को स्क्रीन पर देख सकेंगे।
इसके अलावा कंपनी ने Super Pixel Display 2.0 तकनीक भी दी है, जो जरूरत पड़ने पर स्क्रीन के व्यूइंग एंगल को सीमित करके आसपास मौजूद लोगों से निजी जानकारी छिपाने में मदद करती है।
Snapdragon 8 प्रोसेसर और 200MP के दो कैमरे
परफॉर्मेंस के लिए Xiaomi 18 Pro में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर दिया गया है, जो 2nm तकनीक पर आधारित है।
इसके Oryon CPU कोर की स्पीड 5.01GHz तक पहुंच सकती है। फोन में 12GB और 16GB RAM के साथ 256GB, 512GB और 1TB स्टोरेज के विकल्प मिलेंगे।
गेमिंग के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए नया रिंग-शेप्ड कोल्ड पंप कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है। फोटोग्राफी के लिए Leica के साथ विकसित कैमरा सेटअप में OIS के साथ 200MP का प्राइमरी कैमरा, 3.2x ऑप्टिकल जूम वाला 200MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 50MP का कैमरा मिलेगा।
7000mAh बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग
Xiaomi 18 Pro में 7,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 100W वायर्ड और 50W वायरलेस फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। फोन में Wi-Fi 7, अल्ट्रा-वाइडबैंड (UWB), USB 3.2 Gen 1 पोर्ट, डुअल स्टीरियो स्पीकर, IP68 डस्ट और वाटर रेजिस्टेंस रेटिंग और एक डेडिकेटेड AI बटन भी मिलता है।
यह स्मार्टफोन Android 17 आधारित HyperOS 4 पर काम करता है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी भारत में लॉन्चिंग की सटीक तारीख और कीमत का खुलासा नहीं किया है। Xiaomi 17 की शुरुआती कीमत ₹89,999 रही थी, ऐसे में अनुमान है कि Xiaomi 18 Pro की कीमत ₹1 लाख से ज्यादा हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कीमत का पता आधिकारिक लॉन्च के समय ही चलेगा।